Online News Portal for Daily Hindi News and Updates with weekly E-paper

टेक्सास में विमान रनवे की जगह सड़क पर उतर गया, हुए दो टुकड़े, 4 घायल

38
Tour And Travels

टेक्सास

 अमेरिका के टेक्सास में दो इंजन वाला एक छोटा विमान रनवे की जगह सड़क पर उतर गया। सड़क पर लैंड करते ही विमान के दो टुकड़े हो गए। हादसे में  4 लोग घायल हो गए हैं। घटना बुधवार की है। विमान ने सड़क पर चल रहे तीन कारों को टक्कर भी मारी। हादसे के बाद सड़क पर विमान का मलबा बिखड़ गया।

चार लोग हुए घायल, तीन की हालत खतरे से बाहर

हादसे का शिकार हुआ छोटा विमान दो प्रोपेलर इंजन से लैस था। यह बुधवार दोपहर करीब 3 बजे दक्षिण टेक्सास के विक्टोरिया शहर में स्टेट हाईवे लूप 463 पर क्रैश हुआ। चार लोग घायल हुए हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से तीन की जान खतरे से बाहर है। एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है।

विक्टोरिया पुलिस विभाग की उप पुलिस प्रमुख एलाइन मोया ने कहा, "हमें खुशी है कि स्थिति इससे ज्यादा खराब नहीं हुई। यह ऐसी चीज नहीं है जो हम हर दिन देखते हैं। हमें खुशी है कि लोग ठीक हैं। उनका इलाज चल रहा है।"

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ विमान हादसे का वीडियो

विमान हादसे को सड़क पर मौजूद पर्यवेक्षकों ने कैमरे ने कैद कर लिया है। इसमें विमान को सड़क पर उतरते और फिर दो टुकड़े होने के बाद की स्थिति को देखा जा सकता है। वीडियो सोशल मीडिया पर खूब शेयर किया जा रहा है। इसमें दिख रहा है कि विमान बेहद कम ऊंचाई पर उड़ते हुए सड़क पर उतरता है। अगले ही पल वह दो टुकड़े हो जाता है और सड़क पर मलबा बिखर जाता है।

हादसे का शिकार हुआ विमान दो इंजन वाला Piper PA-31 था। विक्टोरिया पुलिस विभाग और संघीय विमानन प्रशासन (एफएए) ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। फ्लाइटअवेयर की रिपोर्ट के अनुसार विमान ने सुबह 9:52 बजे विक्टोरिया क्षेत्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी। यह दुर्घटना से पहले करीब पांच घंटे तक हवा में रहा।