फरीदाबाद की नेहरू कॉलोनी में दो परिवारों के बीच हिंसक झड़प, जमकर पत्थरबाजी में कई लोग घायल

Jan 6, 2026 - 14:14
 0  7
फरीदाबाद की नेहरू कॉलोनी में दो परिवारों के बीच हिंसक झड़प, जमकर पत्थरबाजी में कई लोग घायल

फरीदाबाद
फरीदाबाद के डबुआ थाना क्षेत्र स्थित नेहरू कॉलोनी में मंगलवार सुबह दो परिवारों के बीच नशा बेचने को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों तरफ से पत्थरबाजी शुरू हो गई, जिसमें कई लोग घायल हो गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें लोग एक-दूसरे पर पत्थर फेंकते नजर आ रहे हैं। वीडियो में दोनों परिवार एक-दूसरे पर पथराव कर रहे हैं। इसमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। इलाके में पथराव होने से वहां हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। फिलहाल इलाके में तनाव का माहौल है। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दोनों तरफ से लोग घरों की छतों से पत्थर फेंकने लगे और सड़कों पर इधर-उधर भागने लगे।
मिली जानकारी के अनुसार विवाद नशा तस्करी से जुड़ा बताया जा रहा है। एक पक्ष का आरोप है कि नशा तस्कर मतीन और उसके साथियों ने लतीफ के परिवार पर हमला किया। नशा बेचने से रोकने को लेकर पहले कहासुनी हुई, जो बाद में पत्थरबाजी में बदल गई। दोनों पक्षों से अब तक कोई औपचारिक शिकायत नहीं दर्ज कराई गई है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। नेहरू कॉलोनी घनी आबादी वाला इलाका है, जहां छोटे-मोटे विवाद अक्सर होते रहते हैं। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची और इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल भी तैनात किया गया है। इसके साथ ही पुलिस की टीम इलाके में गश्त कर रही है। वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है, जांच जारी है और जल्द से जल्द सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0