इंटेलिजेंस की कमान अंशुमन यादव को, साइबर की जिम्मेदारी भी संभालेंगे ए. साईं मनोहर 31 अगस्त को होंगे सेवानिवृत्त

Aug 30, 2026 - 15:37
Aug 30, 2026 - 15:48
 0  8
इंटेलिजेंस की कमान अंशुमन यादव को, साइबर की जिम्मेदारी भी संभालेंगे ए. साईं मनोहर 31 अगस्त को होंगे सेवानिवृत्त

अमरकांत सिंह चौहान

भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार ने पुलिस महकमे में महत्वपूर्ण फेरबदल करते हुए 1998 बैच के आईपीएस अधिकारी अंशुमन यादव को प्रदेश का नया अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (इंटेलिजेंस) नियुक्त किया है। वह ए. साईं मनोहर का स्थान लेंगे, जो 31 अगस्त को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। अंशुमन यादव के पास एडीजी साइबर की जिम्मेदारी भी बनी रहेगी।
सरकार ने शनिवार शाम आदेश जारी कर यादव की नियुक्ति की घोषणा की। साईं मनोहर की सेवानिवृत्ति से पहले ही नए अधिकारी की नियुक्ति कर सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि इंटेलिजेंस जैसे महत्वपूर्ण विभाग की कार्यप्रणाली और नेतृत्व में किसी तरह का व्यवधान न आए।

चार नामों में से अंशुमन यादव पर लगी मुहर

सूत्रों के अनुसार एडीजी इंटेलिजेंस के पद के लिए चार वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों—अंशुमन यादव, योगेश चौधरी, राकेश गुप्ता और संतोष कुमार सिंह—के नामों पर चर्चा चल रही थी। अंततः सरकार ने अंशुमन यादव के नाम पर मुहर लगा दी। सूत्रों का यह भी कहना है कि यादव स्वयं इस पद पर जाने के इच्छुक नहीं थे, लेकिन सरकार ने उन्हें इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए चुना।

जनवरी से खेल एवं युवा कल्याण विभाग में थे तैनात

अंशुमन यादव जनवरी से खेल एवं युवा कल्याण विभाग में संचालक के पद पर कार्यरत थे। नई नियुक्ति के साथ उन्हें एक बार फिर पुलिस मुख्यालय की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। अब प्रदेश की आंतरिक सुरक्षा और खुफिया तंत्र के साथ-साथ साइबर सुरक्षा से जुड़े मामलों की कमान भी उनके हाथों में होगी।

एटा से आईपीएस तक का सफर

मूल रूप से उत्तर प्रदेश के एटा निवासी अंशुमन यादव ने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय से शिक्षा प्राप्त की। वर्ष 1998 में आईपीएस बनने के बाद उन्हें मध्य प्रदेश कैडर आवंटित हुआ। उन्होंने चंबल और ग्वालियर संभाग में विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। इसके अलावा केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के दौरान वह सीआरपीएफ में शिलांग और दिल्ली में भी सेवाएं दे चुके हैं। उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें दो बार राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया जा चुका है।

अन्य अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां

इसी प्रशासनिक फेरबदल में चंचल शेखर को खेल एवं युवा कल्याण विभाग का संचालक नियुक्त किया गया है। वहीं अनिल कुमार को अजाक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। श्रीनिवास वर्मा अब एसएएफ की जिम्मेदारी भी संभालेंगे।

राजनीतिक हलकों में अटकलें तेज

इस महत्वपूर्ण नियुक्ति को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कुछ लोग इसे प्रदेश में आने वाले संभावित राजनीतिक घटनाक्रम से जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि, इस संबंध में फिलहाल कोई आधिकारिक संकेत या पुष्टि नहीं हुई है।
फिलहाल इतना स्पष्ट है कि प्रदेश के दो बेहद महत्वपूर्ण और संवेदनशील विभाग—इंटेलिजेंस और साइबर—की कमान अब अंशुमन यादव के हाथों में होगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0