माँ ब्रह्मचारिणी की आराधना में उमड़े श्रद्धालु

Oct 12, 2026 - 16:49
Oct 12, 2026 - 17:04
 0  5
माँ ब्रह्मचारिणी की आराधना में उमड़े श्रद्धालु

झण्डेवाला देवी मंदिर में नवरात्र के दूसरे दिन विधि-विधान से हुई पूजा-अर्चना, भक्तों के लिए विशेष व्यवस्थाएं

नई दिल्ली। (साहस समाचार ) बद्री भगत झण्डेवाला देवी मंदिर में चल रहे शारदीय नवरात्र मेले के दूसरे दिन सोमवार को मां भगवती के द्वितीय स्वरूप माँ ब्रह्मचारिणी की पूजा-अर्चना विधि-विधान के साथ की गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां के दर्शन के लिए मंदिर पहुंचे और श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना की।


मंदिर प्रबंधन के अनुसार, घोर तपस्या करने के कारण मां भगवती के इस स्वरूप को तपश्चारिणी अथवा ब्रह्मचारिणी कहा गया है। नवरात्र के दूसरे दिन मंदिर में विशेष पूजा एवं धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया।
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुचारु आवागमन के लिए मंदिर में प्रवेश की व्यवस्था रानी झांसी मार्ग, देशबंधु गुप्ता मार्ग और वरुणालय की ओर से की गई है। दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालु निर्धारित कतारों में अपनी बारी की प्रतीक्षा करते नजर आए। मंदिर प्रबंधन की ओर से कतारों में भक्तों के लिए पेयजल की व्यवस्था भी की गई है।
झण्डेवाला मेट्रो स्टेशन से मंदिर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए नि:शुल्क ई-रिक्शा की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा क्षेत्र की विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं को मंदिर दर्शन तथा भंडारे आदि की व्यवस्थाओं में भी सहयोग दिया जा रहा है।


मंदिर में होने वाले धार्मिक कार्यक्रमों का प्रातः 4 बजे से रात्रि 12 बजे तक सीधा प्रसारण झण्डेवाला देवी मंदिर के यू-ट्यूब चैनल और फेसबुक पेज के माध्यम से किया जा रहा है। मंदिर परिसर में लगाए गए डिस्प्ले बोर्डों के माध्यम से प्रतिदिन मां भगवती के स्वरूप, श्रृंगार और पूजा-विधि की जानकारी भी श्रद्धालुओं को दी जा रही है। यह जानकारी क्यूआर कोड के माध्यम से भी उपलब्ध कराई गई है।
आपात स्थिति से निपटने और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर परिसर में प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था भी की गई है। वहीं, भक्तों के लिए ऑनलाइन दर्शन बुकिंग की सुविधा उपलब्ध है। श्रद्धालु अपनी सुविधा के अनुसार ऑनलाइन बुकिंग कर निर्धारित समय पर निर्धारित द्वार से मंदिर में प्रवेश कर मां के दर्शन कर सकते हैं।
मंदिर प्रबंधन ने बताया कि 13 अक्टूबर को नवरात्र के तीसरे दिन मां भगवती के तृतीय स्वरूप माँ चन्द्रघण्टा की पूजा-अर्चना विधि-विधान के साथ की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0