13 दिन के नवजात को लेकर धरने पर बैठीं पार्षद, करोड़ों की जमीन पर कब्जे को लेकर बवाल

Nov 26, 2026 - 18:14
 0  10
13 दिन के नवजात को लेकर धरने पर बैठीं पार्षद, करोड़ों की जमीन पर कब्जे को लेकर बवाल

 बेमेतरा

 शहर में शासकीय जमीन पर कथित अतिक्रमण के विरोध में भाजपा की महिला पार्षद चांदनी रोशन दत्ता को अपने 13 दिन के नवजात शिशु के साथ नगर पालिका कार्यालय के सामने धरने पर बैठना पड़ा। वार्ड क्रमांक 8 की पार्षद ने राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित बेशकीमती सरकारी जमीन पर हो रहे अतिक्रमण को रोकने की मांग की थी। उनका आरोप है कि स्थानीय प्रशासन और नगर पालिका को सूचना देने के बावजूद समय रहते कार्रवाई नहीं की गई।

मामला खसरा नंबर 1305/1 की 0.316 हेक्टेयर शासकीय जमीन से जुड़ा है। राष्ट्रीय राजमार्ग से लगी होने के कारण इस जमीन की कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है।

आरोप है कि कुछ लोगों ने जमीन पर मिट्टी डालकर उसका समतलीकरण शुरू कर दिया था। इसके अलावा वहां लगे पेड़ों की कटाई भी की गई। पार्षद ने इस संबंध में पालिका प्रशासन और स्थानीय अधिकारियों को जानकारी देकर अतिक्रमण रोकने की मांग की थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर उन्हें धरने पर बैठना पड़ा।

शाम को अधिकारियों के आश्वासन पर समाप्त हुआ धरना

सुबह से धरने पर बैठीं पार्षद से शाम को एसडीएम दिव्या पोटाई और तहसीलदार अनिरुद्ध मिश्रा ने मुलाकात की। अधिकारियों ने उन्हें राजस्व विभाग की ओर से की गई कार्रवाई की जानकारी दी। साथ ही निर्माण कार्य रुकवाने की बात कही। राजस्व विभाग के अनुसार, संबंधित स्थल पर निर्माण कार्य रुकवा दिया गया है। निर्माण करा रहे तीन लोगों को नोटिस जारी कर राजस्व कार्यालय में उपस्थित होने के लिए कहा गया है। इसके बाद पार्षद ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया।

प्रशासन की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

धरने के दौरान शहर में प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर भी चर्चा होती रही। लोगों का सवाल था कि जब एक जनप्रतिनिधि को अपनी शिकायत पर सुनवाई कराने के लिए 13 दिन के नवजात शिशु के साथ धरने पर बैठना पड़ रहा है तो आम नागरिकों की शिकायतों पर प्रशासन कितना गंभीर होगा। पार्षद की 13 दिन पहले ही मेजर आपरेशन से डिलीवरी हुई है। धरने के दौरान उनकी तबीयत पर भी विपरीत असर पड़ने की बात सामने आई।

 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0