ATM में प्लेट लगाकर ग्राहकों के रुपये हड़पने वाला अंतर्राज्यीय गिरोह गिरफ्तार
तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने भेजा जेल
शशिकांत गोयल
भिण्ड । मेहगांव पुलिस ने ATM मशीन में हेराफेरी कर बैंक ग्राहकों के रुपये हड़पने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने विभिन्न बैंकों के 94 ATM कार्ड, 7 एल्युमिनियम प्लेट, टेप, मोबाइल फोन और टाटा हैरियर कार सहित करीब 36 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया गया है। मेहगांव थाना प्रभारी रविंद्र शर्मा के अनुसार के मुताबिक, आरोपी ATM के कैश डिस्पेंसिंग स्लॉट पर विशेष तरीके से एल्युमिनियम प्लेट लगा देते थे। ग्राहक द्वारा रकम निकालने पर ट्रांजेक्शन सफल हो जाता था, लेकिन नकदी प्लेट में फंस जाती थी। ग्राहक के ATM से चले जाने के बाद आरोपी प्लेट हटाकर रुपये निकाल लेते थे। पुलिस की कार्रवाई से गिरोह की उत्तर भारत से दक्षिण भारत तक ATM फ्रॉड की वारदातें करने की कथित योजना पर भी रोक लगी है।
पुलिस ने इस मामले से आरोपी सत्यार्थ पुत्र देवेंद्र मिश्रा, उम्र 30 वर्ष, निवासी वजीरगंज, अयोध्या, उत्तर प्रदेश, सत्यम सिंह परिहार पुत्र अजय वीर सिंह परिहार, उम्र 26 वर्ष, निवासी KDA कॉलोनी, यशोदा नगर, कानपुर, उत्तर प्रदेश, अभिजीत सिंह पुत्र प्रद्युम्न कुमार सिंह, उम्र 28 वर्ष, निवासी हरदोई, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल हुई l पुलिस के अनुसार पूछताछ में तीनों ने ATM में हेराफेरी कर वारदात करना स्वीकार किया है।
शिकायत के बाद खुला ATM फ्रॉड का राज
पुलिस के अनुसार मामला 29 सितंबर 2026 का है। भिण्ड-ग्वालियर हाईवे स्थित गोहद तिराहा SBI ATM पर एक व्यक्ति रुपये निकालने पहुंचा था। उसने 10 हजार रुपये निकालने का प्रयास किया। ट्रांजेक्शन सफल होने की रसीद तो मिल गई, लेकिन ATM से रुपये बाहर नहीं निकले। बाद में खाता चेक करने पर रकम खाते से कट चुकी थी। बैंक से जानकारी लेने पर इसी तरह की घटना एक अन्य ग्राहक के साथ भी होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद 1 अक्टूबर को फरियादी ने मेहगांव थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 280/26, धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
ऐसे पहुंची पुलिस आरोपियों तक
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक भिण्ड सूरज कुमार वर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल के निर्देशन तथा SDOP मेहगांव संजय कोहली के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी मेहगांव रविंद्र शर्मा के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य जुटाने के साथ ATM के आसपास मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। 2 अक्टूबर को गोहद तिराहे के ATM के आसपास तीन युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिए। पुलिस को उनकी गतिविधियां और स्थानीय लोगों से अलग भाषा बोलने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों को काफी मशक्कत के बाद हिरासत में लिया। पूछताछ में तीनों ने अपने नाम और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग स्थानों का निवासी होना बताया। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपियों ने ATM से संबंधित वारदातों का खुलासा किया।
ऐसे देते थे ATM फ्रॉड को अंजाम
पुलिस के अनुसार आरोपी SBI के चिन्हित ATM को निशाना बनाते थे। ATM के उस हिस्से पर, जहां से ग्राहक को नकदी मिलती है, एल्युमिनियम की प्लेट पर काला टेप लगाकर डबल टेप की मदद से फिट कर देते थे। ग्राहक ATM से रुपये निकालता तो उसके खाते से रकम कट जाती और ट्रांजेक्शन सफल हो जाता, लेकिन नकदी प्लेट में फंस जाती थी। ग्राहक रुपये नहीं निकलने पर ATM से चला जाता। इसके बाद आरोपी वहां पहुंचकर प्लेट हटाते और फंसी हुई रकम निकाल लेते थे। पुलिस के अनुसार आरोपी अलग-अलग ATM कार्डों का इस्तेमाल कर विभिन्न ATM मशीनों से भी धोखाधड़ी करते थे।
Google Map से तलाशते थे SBI ATM
पुलिस को जांच में यह भी पता चला कि आरोपी Google Map के माध्यम से SBI ATM की लोकेशन तलाशते थे। खास तौर पर हाईवे के किनारे स्थित ATM उनकी निशाने पर रहते थे, ताकि वारदात के बाद तेजी से दूसरे स्थान पर पहुंचा जा सके। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने वर्ष 2018 से इस तरह की वारदातें करने की बात बताई है। वर्ष 2019 में थाना स्याहवर, जिला देहरादून और वर्ष 2020 में थाना रुड़की, जिला हरिद्वार में भी पकड़े जाने और जेल जाने की जानकारी आरोपियों ने पूछताछ में दी।
पुलिस पूछताछ के अनुसार आरोपी 24 सितंबर 2026 को नोएडा से टाटा हैरियर कार से निकले थे। इसके बाद आगरा, मुरैना और ग्वालियर होते हुए मेहगांव पहुंचे। पुलिस का कहना है कि आरोपी उत्तर भारत से दक्षिण भारत तक ATM फ्रॉड की वारदातें करने की योजना बनाकर निकले थे, लेकिन मेहगांव पुलिस की कार्रवाई ने उनकी योजना को विफल कर दिया।
यह सामग्री हुई बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 7 एल्युमिनियम प्लेट, विभिन्न बैंकों के 94 ATM कार्ड, 2 कैंची, 3 काले टेप, 1 नीला टेप, 1 चार्जर, Samsung मोबाइल, Oppo A5, OnePlus 12R, iPhone XS मोबाइल तथा काले रंग की टाटा हैरियर कार बरामद की है।पुलिस के अनुसार जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 36 लाख रुपये है। मामले में आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस गिरोह से जुड़ी अन्य वारदातों तथा संभावित साथियों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0