धनबाद में PM आवास योजना की भर्ती सूची जारी, 30 नवंबर तक दर्ज करा सकते हैं आपत्ति

Nov 27, 2026 - 14:44
 0  8
धनबाद में PM आवास योजना की भर्ती सूची जारी, 30 नवंबर तक दर्ज करा सकते हैं आपत्ति

 धनबाद
 प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत गठित पीएमयू में संविदा आधारित नियुक्ति के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के लिए अहम सूचना जारी हुई है। जिला ग्रामीण विकास शाखा, धनबाद ने ऑनलाइन आवेदनों की स्क्रूटनी के बाद योग्य-अयोग्य अभ्यर्थियों की प्रारंभिक सूची जारी कर दी है।

यह सूची धनबाद जिला की आधिकारिक वेबसाइट http://www.dhanbad.nic.in पर अपलोड कर दी गई है। सूची में अभ्यर्थियों के विवरण के साथ-साथ अयोग्य होने का कारण भी अभ्युक्ति कॉलम में अंकित किया गया है, ताकि अभ्यर्थी अपनी स्थिति स्पष्ट रूप से जान सकें।

इन अभ्यर्थियों को देना होगा प्रमाण
विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिन अभ्यर्थियों ने आवेदन के साथ कार्यानुभव के प्रमाण के रूप में वेतन पर्ची (सैलरी स्लिप) व बैंक स्टेटमेंट अपलोड नहीं किया है, उन्हें यह दस्तावेज देना होगा।

वहीं, जिन अभ्यर्थियों के शैक्षणिक अंक पत्र में ग्रेड का उल्लेख है, उन्हें ग्रेड का प्रमाणिक अंकित प्रतिशत प्रति प्रस्तुत करना होगा।

30 नवंबर शाम 5 बजे तक मौका
प्रकाशित प्रारंभिक सूची में किसी अभ्यर्थी को कोई दावा-आपत्ति हो तो वे पूर्ण विवरण के साथ 30 नवंबर 2026 के अपराह्न 5 बजे तक (केवल कार्यालय दिवस) जिला ग्रामीण विकास शाखा, धनबाद में आवेदन देकर दावा-आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।

विभाग ने साफ किया है कि निर्धारित समय सीमा के बाद किसी भी प्रकार का दावा-आपत्ति मान्य नहीं होगा।

इसके बाद क्या होगा
दावा-आपत्ति के निराकरण के बाद अंतरिम योग्य-अयोग्य सूची और मेधा सूची तैयार की जाएगी। उसी अंतरिम मेधा सूची से नियमानुसार दक्षता परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों का चयन कर सूची का प्रकाशन किया जाएगा। दक्षता परीक्षा की सूचना भी जिला वेबसाइट और मुख्य समाचार पत्रों में प्रकाशित की जाएगी।

 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0