यूपी के पेंशनभोगियों को बड़ी राहत, अब घर बैठे स्मार्टफोन से जमा होगा डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र

Nov 27, 2026 - 11:44
 0  9
यूपी के पेंशनभोगियों को बड़ी राहत, अब घर बैठे स्मार्टफोन से जमा होगा डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र

लखनऊ
 पेंशनभोगियों को जीवन प्रमाणपत्र जमा करने के लिए अब बैंक और कोषागारों के चक्कर नहीं लगाने होंगे। वह स्मार्टफोन के माध्यम से घर बैठे डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र जमा कर सकेंगे। प्रदेश में एक नवंबर से चल रहे डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र अभियान 5.0 के तहत 24 नवंबर तक 2,93,188 प्रमाणपत्र जमा किए जा चुके हैं। यह निर्धारित लक्ष्य का 88.05 प्रतिशत है।

कोषागार निदेशालय की ओर से गुरुवार को इंदिरा नगर स्थित वित्तीय प्रबंधन, प्रशिक्षण एवं शोध संस्थान में विशेष महाशिविर आयोजित किया गया। इसमें भारत सरकार के पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग की सचिव निवेदिता शुक्ला वर्मा ने पेंशनभोगियों को फेस आथेंटिकेशन की सुविधा की जानकारी दी।

मोबाइल एप से जमा कर सकेंगे जीवन प्रमाणपत्र
उन्होंने बताया कि संबंधित मोबाइल एप डाउनलोड कर स्मार्टफोन से ही चेहरे की पहचान के माध्यम से जीवन प्रमाणपत्र जमा किया जा सकता है। इसके लिए बैंक या कोषागार जाने की जरूरत नहीं है।

प्रदेश में कोषागारों से जुड़े करीब 11 लाख पेंशनभोगी हैं। नवंबर में 5.55 लाख लंबित जीवन प्रमाणपत्रों के सापेक्ष 3.33 लाख प्रमाणपत्र जमा कराने का लक्ष्य है। अभियान की प्रगति के आधार पर 30 नवंबर तक 3,66,485 प्रमाणपत्र जमा होने का अनुमान है।

प्रमुख सचिव वित्त आलोक कुमार ने पेंशनभोगियों को ऑनलाइन चिकित्सा प्रतिपूर्ति में आ रही समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। शिविर में वरिष्ठ पेंशनभोगियों को सम्मानित भी किया गया। इससे पहले प्रयागराज, गोरखपुर और वाराणसी में भी महाशिविर लगाए जा चुके हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0