मास के बड़े नेता खालिद अबू नादा की मौत, नेतन्याहू ने इजरायली कार्रवाई की दी जानकारी

Nov 26, 2026 - 15:44
 0  8
मास के बड़े नेता खालिद अबू नादा की मौत, नेतन्याहू ने इजरायली कार्रवाई की दी जानकारी

तेल अवीव

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और डिफेंस मिनिस्टर इजरायल काट्ज ने गुरुवार को एक जॉइंट स्टेटमेंट जारी कर हमास के बड़े लीडर के मारे जाने की जानकारी दी है। बयान के मुताबिक, आईडीएफ ने बीती रात गाजा पट्टी में हमास आतंकी संगठन के इकोनॉमी और एजुकेशन पोर्टफोलियो संभालने वाले खालिद अबू नादा को ढेर कर दिया। 

यह टारगेटेड ऑपरेशन संगठन के सदस्यों और वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ हाल ही में किए गए ऑपरेशंस की कड़ी का हिस्सा है। 

स्टेटमेंट में आगे बताया गया है कि पिछले एक महीने में करीब 80 हमास आतंकियों को खत्म किया जा चुका है. हमारी फोर्सेस संगठन के हर आतंकी को नाकाम करने और उनसे हिसाब बराबर करने का काम जारी रखेंगी। 

कोई भी आतंकवादी सुरक्षित नहीं है, और हमास लीडरशिप का कोई भी शख्स हमसे बच नहीं पाएगा. हम अपने दुश्मनों का पीछा करना और इजरायल के नागरिकों की सुरक्षा करना जारी रखेंगे। 

कौन था हमास का खालिद अबू नादा?
खालिद अबू नादा हमास का एक वरिष्ठ अधिकारी था। इजरायल के मुताबिक, वह हमास के आर्थिक और शिक्षा से जुड़े कामकाज की जिम्मेदारी संभाल रहा था। फिलिस्तीनी मीडिया की रिपोर्ट में उसे हमास सरकार का उप शिक्षा मंत्री भी बताया गया है। यानी वह संगठन के केवल एक सामान्य सदस्य के तौर पर काम नहीं कर रहा था, बल्कि हमास के प्रशासनिक और दूसरे अहम कामों से जुड़ा हुआ था। इजरायल का मानना है कि ऐसे वरिष्ठ अधिकारियों को निशाना बनाने से हमास की संगठनात्मक व्यवस्था कमजोर होगी।

गाजा में कहां हुआ हमला?
रिपोर्ट के मुताबिक, यह हमला गाजा के मध्य इलाके में स्थित देर अल-बलाह में हुआ। बताया जा रहा है कि इजरायली सेना ने रात के समय एक रिहायशी इमारत को निशाना बनाया। इसी हमले में खालिद अबू नादा की मौत हुई। फिलिस्तीनी रिपोर्टों के अनुसार, इस हमले में उसकी पत्नी की भी जान चली गई। इस घटना के बाद गाजा में एक बार फिर तनाव बढ़ गया है। हालांकि, हमले में आम लोगों को हुए नुकसान को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

नेतन्याहू ने क्या कहा?
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने संयुक्त बयान में कहा कि हमास के सदस्यों और बड़े अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। उनका कहना है कि पिछले एक महीने में करीब 80 हमास सदस्यों को मार गिराया गया है। इजरायल ने साफ किया है कि वह हमास के वरिष्ठ अधिकारियों और संगठन की गतिविधियों से जुड़े लोगों को निशाना बनाना जारी रखेगा। इजरायली सरकार का दावा है कि इस तरह की कार्रवाई से हमास की ताकत और उसकी काम करने की क्षमता को कमजोर किया जा सकता है।

क्या सीजफायर के बाद भी जारी हैं हमले?
इस पूरे मामले में सबसे अहम बात यह है कि गाजा में अक्टूबर 2025 में सीजफायर समझौता हुआ था। इसके बावजूद इलाके में हमले पूरी तरह बंद नहीं हुए हैं। इजरायल का कहना है कि वह सुरक्षा के खतरे और हमास की गतिविधियों को रोकने के लिए कार्रवाई कर रहा है। वहीं, गाजा में लगातार हो रहे हमलों के कारण आम लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। सीजफायर के बाद भी दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर समझौते का उल्लंघन करने के आरोप लगाए जाते रहे हैं।

हमास के खिलाफ इजरायल की कार्रवाई जारी
खालिद अबू नादा की मौत से पहले भी इजरायल ने गाजा में हमास के कई वरिष्ठ अधिकारियों को निशाना बनाया था। 24 नवंबर को इजरायल ने हमास के आंतरिक सुरक्षा प्रमुख नईम अबू नाहल को भी मार गिराने की पुष्टि की थी। इसके अलावा 25 नवंबर को गाजा सिटी में एक अन्य हमले में हमास के वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी मोहम्मद अबुएलोफ की मौत की खबर सामने आई थी। इन घटनाओं से साफ है कि इजरायल की ओर से हमास के अलग-अलग विभागों से जुड़े अधिकारियों को निशाना बनाया जा रहा है।

ईरान बना रहा रासायनिक हथियार: इजरायल काट्ज
इस बीच, इजरायल के रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज का कहना है कि ईरान पिछले सैन्य अभियान के बाद से ही रासायनिक हथियार बनाने पर काम कर रहा है। 

काट्ज ने बताया कि इजरायल को इस बारे में काफी पहले से पता था और इस खुफिया सूचना की जानकारी अमेरिका को भी दी गई है. उनका कहना है कि ईरान परमाणु कार्यक्रम को बचाने के लिए रासायनिक हथियारों का सहारा लेना चाहता है। 

इजरायल के रक्षा मंत्री ने ईरान की संभावित रासायनिक हथियार क्षमता को इजरायल और क्षेत्र के दूसरे देशों के लिए स्थिति बदलने वाला खतरा बताया. उन्होंने कहा कि इजरायल की नीति स्पष्ट है कि वो ईरान को सामूहिक विनाश के हथियारों से खुद को धमकाने की इजाजत नहीं देगा। 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0