विकसित भारत क्विज से राष्ट्रीय मंच तक पहुंचेगा भिण्ड का युवा
15 से 29 वर्ष के युवाओं के लिए मौका, प्रधानमंत्री के समक्ष विचार रखने का मिलेगा अवसर
भिण्ड, 9 सितंबर। विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से 30वें राष्ट्रीय युवा महोत्सव-विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027 की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके तहत 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के पात्र युवाओं के लिए विकसित भारत क्विज का आयोजन किया जा रहा है। क्विज में बेहतर प्रदर्शन करने वाले युवाओं को आगे की चयन प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर मिलेगा और चयनित युवा राष्ट्रीय स्तर पर प्रधानमंत्री के समक्ष अपने विचार प्रस्तुत कर सकेंगे।
राष्ट्रीय युवा महोत्सव का आयोजन वर्ष 1995 से प्रत्येक वर्ष 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर किया जाता रहा है। इसका उद्देश्य देशभर के विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक पृष्ठभूमि के युवाओं को एक मंच पर लाकर राष्ट्रीय एकता, युवा सशक्तिकरण और नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देना है। वर्ष 2025 में प्रधानमंत्री के विकसित भारत@2047 के विजन के अनुरूप राष्ट्रीय युवा महोत्सव का नाम बदलकर विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग किया गया।
वर्ष 2027 के आयोजन का उद्देश्य युवाओं को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ना और उनमें नेतृत्व, नवाचार तथा रचनात्मक चिंतन की भावना विकसित करना है। इसी उद्देश्य से विकसित भारत क्विज आयोजित की जा रही है। क्विज ‘माय भारत’ पोर्टल पर उपलब्ध है और इसमें देशभर के युवा भाग ले सकते हैं।
क्विज का आयोजन 22 भाषाओं में किया जा रहा है। इसमें भारत, भारतीय विरासत, देश की उपलब्धियां, विकास यात्रा और विकसित भारत@2047 की परिकल्पना सहित विभिन्न विषयों से जुड़े सवाल शामिल होंगे। इसके माध्यम से युवाओं के सामान्य ज्ञान का परीक्षण करने के साथ ही उन्हें देश के विकास और भविष्य से जुड़े विषयों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है।
विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग की चयन प्रक्रिया पांच चरणों में पूरी होगी। पहले चरण में 17 अगस्त से 30 सितंबर 2026 तक विकसित भारत क्विज आयोजित की जा रही है। इसके बाद दूसरे चरण में 5 से 9 अक्टूबर तक निबंध प्रतियोगिता होगी। तीसरे चरण में 10 से 16 नवंबर तक जिला चैंपियनशिप के तहत प्रस्तुतीकरण होगा। चौथे चरण में 17 नवंबर से 7 दिसंबर तक राज्य स्तरीय विकसित भारत युवा संवाद आयोजित किया जाएगा। चयन प्रक्रिया का अंतिम चरण राष्ट्रीय संवाद होगा, जिसका आयोजन 10 से 12 जनवरी 2027 तक किया जाएगा।
जिला प्रशासन की ओर से भिण्ड जिले के सभी पात्र युवाओं से इस राष्ट्रीय पहल में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की गई है। प्रशासन का कहना है कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी, उनके रचनात्मक विचार और नेतृत्व क्षमता ही विकसित भारत के निर्माण की मजबूत आधारशिला है। ऐसे में जिले के युवा विकसित भारत क्विज में सहभागिता कर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा और विचारों को प्रस्तुत करने का अवसर हासिल कर सकते हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0