TET अनिवार्यता के विरोध में दिल्ली कूच कर रहे शिक्षकों को कई जिलों में रोका, प्रदर्शन

Aug 30, 2026 - 15:40
Aug 30, 2026 - 15:48
 0  9
TET अनिवार्यता के विरोध में दिल्ली कूच कर रहे शिक्षकों को कई जिलों में रोका, प्रदर्शन

अमरकांत सिंह चौहान

भिंड/भोपाल। TET परीक्षा की अनिवार्यता के विरोध में दिल्ली कूच कर रहे शिक्षकों को मध्य प्रदेश के कई जिलों में पुलिस और प्रशासन द्वारा रोके जाने का मामला सामने आया है। शिक्षकों का आरोप है कि दिल्ली में प्रस्तावित आंदोलन में शामिल होने के लिए जा रहे शिक्षकों को भिंड, मुरैना, ग्वालियर, दतिया, शिवपुरी, सबलगढ़ सहित कई स्थानों पर रोका गया। इस कार्रवाई के विरोध में शिक्षकों ने नारेबाजी और प्रदर्शन किया।
शिक्षकों का कहना है कि वे विभिन्न जिलों से बसों और अन्य वाहनों के माध्यम से दिल्ली के लिए रवाना हो रहे थे। आरोप है कि पुलिस और प्रशासन ने कई स्थानों पर उनके वाहनों को रोक दिया। कुछ शिक्षकों ने यह भी आरोप लगाया कि उनके वाहनों और बसों की चाबियां निकाल ली गईं, जिससे वे आगे नहीं जा सके।
इस कार्रवाई के बाद शिक्षकों में आक्रोश देखने को मिला। शिक्षकों ने आरोप लगाया कि उन्हें दिल्ली जाकर अपनी मांगों को शांतिपूर्ण तरीके से रखने से रोका जा रहा है। उनका कहना है कि शासन-प्रशासन द्वारा की गई इस कार्रवाई से उनके अधिकारों का हनन हो रहा है।

भिंड में कोतवाली का घेराव

भिंड में शिक्षकों को दिल्ली जाने से रोके जाने के बाद देर रात बड़ी संख्या में शिक्षक सिटी कोतवाली पहुंचे और प्रदर्शन किया। शिक्षकों ने कोतवाली परिसर के बाहर नारेबाजी करते हुए अपनी नाराजगी जताई।
सूचना मिलने पर एसडीएम अखिलेश शर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शन कर रहे शिक्षकों से चर्चा की और उनका ज्ञापन लिया। अधिकारियों की ओर से शिक्षकों को आश्वासन दिया गया कि उनकी मांगों को शासन तक पहुंचाया जाएगा।
शिक्षकों का कहना है कि कुछ शिक्षक अलग-अलग माध्यमों से दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं और TET अनिवार्यता के विरोध में उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने शासन-प्रशासन पर आंदोलन को रोकने का आरोप लगाते हुए कहा कि वे अपनी मांगों को लेकर आगे भी आवाज उठाते रहेंगे।
मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों में शिक्षकों को दिल्ली कूच से रोके जाने की खबरों के बाद शिक्षक संगठनों में नाराजगी देखी जा रही है। मामले को लेकर आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 1
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0