PRGI कार्यशाला में प्रकाशकों की समस्याओं पर मंथन, वार्षिक विवरणी जमा करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई तक बढ़ी
नई दिल्ली, 30 जून। ऑल इंडिया स्मॉल एंड मीडियम न्यूज़पेपर्स फेडरेशन के तत्वावधान में मंगलवार को प्रेस रजिस्ट्रार जनरल ऑफ इंडिया (PRGI) के सभागार में एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में PRGI के महानिदेशक योगेश कुमार वाबेजा, केंद्रीय संचार ब्यूरो (CBC) की महानिदेशक कंचन प्रसाद सहित PRGI एवं CBC के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। देश के विभिन्न राज्यों से आए छोटे एवं मध्यम समाचार पत्रों के दर्जनों प्रकाशकों ने इसमें भाग लेकर अपनी तकनीकी एवं प्रशासनिक समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।
कार्यशाला के दौरान प्रकाशकों ने नए PRGI पोर्टल, वार्षिक विवरणी, ऑनलाइन पंजीकरण, दस्तावेज़ अपलोड, शीर्षक संबंधी प्रक्रियाओं तथा अन्य तकनीकी विषयों से जुड़ी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। अधिकारियों ने प्रकाशकों के प्रश्नों का उत्तर दिया तथा कई समस्याओं का मौके पर ही तत्काल निस्तारण करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
कार्यक्रम की सबसे महत्वपूर्ण घोषणा तब हुई जब ऑल इंडिया स्मॉल एंड मीडियम न्यूज़पेपर्स फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरिंदर सिंह के अनुरोध पर PRGI के महानिदेशक योगेश कुमार वाबेजा ने समाचार पत्रों की वार्षिक विवरणी (Annual Statement) जमा करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 तक बढ़ाने की घोषणा की। इस निर्णय का उपस्थित प्रकाशकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया और इसे देशभर के छोटे एवं मध्यम समाचार पत्रों के लिए बड़ी राहत बताया।
कार्यक्रम के दौरान फेडरेशन की ओर से PRGI के महानिदेशक योगेश कुमार वाबेजा तथा CBC की महानिदेशक कंचन प्रसाद को स्मृति-चिह्न एवं पौधा भेंट कर सम्मानित भी किया गया। अंत में अधिकारियों ने भविष्य में भी ऐसे संवाद कार्यक्रम आयोजित करने तथा प्रकाशकों की समस्याओं के त्वरित समाधान का भरोसा दिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0