बिहार के 688 मॉडल स्कूलों में शुरू होगी 24 घंटे ऑनलाइन शिक्षक सुविधा

Aug 15, 2026 - 06:14
 0  9
बिहार के 688 मॉडल स्कूलों में शुरू होगी 24 घंटे ऑनलाइन शिक्षक सुविधा

पटना
 बिहार विद्यालय परीक्षा समिति जल्द ही राज्य के 688 माडल स्कूलों में इंटरएक्टिव लर्निंग की ऑनलाइन व्यवस्था शुरू करने जा रही है। इसके माध्यम से कक्षा नौवीं से 12वीं तक के विद्यार्थी पढ़ाई के दौरान किसी भी समय ऑनलाइन उपलब्ध शिक्षक से अपने विषय से जुड़े सवाल पूछ सकेंगे।

शिक्षक सप्ताह के सातों दिन 24 घंटे लाइव उपलब्ध रहेंगे। खास बात यह है कि विद्यार्थियों के लिए यह सुविधा पूरी तरह निशुल्क होगी। इस सुविधा का लाभ लेने के लिए विद्यार्थियों को पोर्टल या मोबाइल एप पर पंजीकरण कराना होगा।

इसके बाद वे अपनी कक्षा और विषय का चयन कर लाइव क्लास से जुड़ सकेंगे। पढ़ाई के दौरान किसी भी तरह की शंका होने पर विद्यार्थी शिक्षक को संदेश के माध्यम से अपना सवाल भेज सकेंगे। शिक्षक सवाल का जवाब देकर संबंधित विषय को विस्तार से समझाएंगे।

व्यक्तिगत मार्गदर्शन भी मिलेगा
ऑनलाइन व्यवस्था के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने सवालों का त्वरित उत्तर और विषय से जुड़ी समस्याओं का विस्तृत समाधान मिल सकेगा। इसके साथ ही विद्यार्थियों को व्यक्तिगत मार्गदर्शन और पढ़ाई को बेहतर बनाने के लिए जरूरी सुझाव भी दिए जाएंगे। इससे विद्यार्थियों को स्कूल के बाद भी पढ़ाई में शिक्षकों की मदद मिल सकेगी।

परीक्षा समिति ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को योजना को विद्यालयों में प्रभावी ढंग से लागू कराने के लिए संबंधित प्रधानाचार्यों के साथ समन्वय स्थापित करने और समिति को आवश्यक सहयोग देने का निर्देश दिया है।

पटना के जिला शिक्षा पदाधिकारी योगेश कुमार ने बताया कि शहर के 11 माडल स्कूलों और एक पीएमश्री बांकीपुर बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में यह व्यवस्था लागू की जा रही है। इससे इन विद्यालयों में पढ़ने वाले कक्षा नौवीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को ऑनलाइन शिक्षकों की मदद का लाभ मिलेगा।

 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0