जालंधर कोर्ट में 3 दिन ‘नो वर्क डे’: बार काउंसिल चुनाव को लेकर बड़ा फैसला

Mar 15, 2026 - 13:14
 0  8
जालंधर कोर्ट में 3 दिन ‘नो वर्क डे’: बार काउंसिल चुनाव को लेकर बड़ा फैसला

जालंधर.

जालंधर की जिला बार एसोसिएशन ने बार काउंसिल ऑफ पंजाब एंड हरियाणा के आगामी चुनावों को लेकर कचहरी परिसर में 16, 17 और 18 मार्च को “नो वर्क डे” घोषित किया है। यह फैसला एसोसिएशन की एग्जीक्यूटिव कमेटी की बैठक में लिया गया। बार काउंसिल ऑफ पंजाब एंड हरियाणा के चुनाव 17 और 18 मार्च को पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में आयोजित किए जाएंगे।

इसी को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है, ताकि सदस्य चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों के समर्थन में प्रचार कर सकें, साथियों से संपर्क कर सकें और अधिक से अधिक मतदान के लिए अपील कर सकें। एसोसिएशन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि “नो वर्क डे” किसी विरोध, धरने या हड़ताल के रूप में नहीं रखा गया है, बल्कि इसका उद्देश्य वकीलों को चुनावी प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग लेने का अवसर देना है। इससे अधिवक्ताओं को अदालत के काम और चुनावी गतिविधियों के बीच किसी तरह की दुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा।

बताया गया है कि जालंधर से करीब 3500 अधिवक्ताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल हैं। सभी वकीलों से अपील की गई है कि वे बड़ी संख्या में मतदान में हिस्सा लें और वोट का उपयोग करें। इस बार जालंधर से बार काउंसिल चुनाव में चार उम्मीदवार मैदान में हैं और उम्मीद जताई जा रही है कि इनमें से कोई प्रतिनिधि बार काउंसिल में पहुंचकर जालंधर बार की आवाज को प्रभावी तरीके से उठाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0