भाजपा सरकार का कर्मचारी एवं सनातन विरोधी चेहरा उजागर : डॉ.भारद्वाज
भिण्ड। वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं प्रवक्ता डॉ. अनिल भारद्वाज ने भाजपा सरकार पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा है कि भाजपा का सनातन प्रेम केवल चुनावी मुखौटा है। जबकि कांग्रेस की सरकार में सनातन का गोल्डन काल था, लोगों ने उसे समझा नहीं, वह सरकार कर्मचारियों की भी सरकार थी, गरीबों, किसानों और सनातनियों की भी सरकार थी।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता श्री भारद्वाज ने कहा कि भाजपा सनातन विरोधी भी है और कर्मचारी विरोधी भी है। श्री भारद्वाज ने कहा कि सनातन के त्योहारों पर किस तरह कैंची चली है, यह आम जनता को जानना चाहिए। श्री भारद्वाज ने कहा कि कांग्रेस के समय में गर्मियों में कर्मचारियों को दो माह से अधिक का अवकाश दिया जाता था, इसका उद्देश्य यह था कि गरीब बच्चे, किसानों के बच्चे घर पर काम कर सकें और बाहर के शिक्षक अपने घर जाकर गर्मी में राहत ले सकें, आज भाजपा ने उसे घटाकर एक माह कर दिया है।
श्री डॉ. भारद्वाज ने कहा कि पहले दीपावली पर 31 अक्टूबर से 10 दिन का अवकाश होता था ताकि लोग घर जा सकें, परिवार से मिल सकें, अब 5 दिन और 4 दिन का कर दिया गया है, वह भी 6 तारीख से 10 तारीख तक, जिसमें भाई दूज का भी अवकाश नहीं है। श्री भारद्वाज ने कहा कि होली पर पहले पांच दिवस का अवकाश होता था, अब दो दिवस का कर दिया है, होली वाले दिन और पड़वा-दूज का अवकाश तक खत्म कर दिया।
डॉ. अनिल भारद्वाज ने कहा कि रक्षाबंधन पर पहले दो दिवस का अवकाश होता था, रक्षाबंधन वाले दिन और भुजरियों का, अब एक दिवस का कर दिया है, भुजरियों का अवकाश कैंसिल कर दिया। वरिष्ठ नेता श्री भारद्वाज ने कहा कि चैत्र नवरात्र पर पहले तीन दिवस का अवकाश रहता था, अब एक दिवस का, केवल रामनवमी का कर दिया है।
श्री भारद्वाज ने कहा कि सबसे दुखद तो यह है कि 15 दिन के पितृ पक्ष में सनातनियों को अपने पूर्वजों के श्राद्ध के लिए एक दिन का भी अवकाश नहीं दिया जाता, पहले पितृ मोक्ष अमावस्या का अवकाश रहता था। कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. भारद्वाज ने कहा कि मकर संक्रांति, गणेश चतुर्थी, हनुमान जयंती, गुरु पूर्णिमा जैसे बड़े त्योहारों पर भी कोई अवकाश नहीं है। श्री भारद्वाज ने कहा कि अम्बेडकर जयंती, महात्मा गांधी जयंती, कृष्ण जन्माष्टमी, बसंत पंचमी जैसे अवकाश वाले दिनों में भी पत्र आ जाते हैं कि कार्यक्रम करना है, इस बार तो महाराष्ट्र में कृष्ण जन्माष्टमी पर भी अवकाश नहीं था।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने कहा कि छठ पूजा, बसंत पंचमी, करवा चौथ पर भी अवकाश नहीं रहता, वहीं जैन समाज की क्षमावाणी, अग्रसेन जयंती पर भी अवकाश नहीं दिया जाता। श्री भारद्वाज ने कहा कि 40 से ज्यादा छोटे-बड़े सनातन त्योहारों के लिए केवल तीन ऐच्छिक अवकाश दिए जाते हैं, यह सनातन के त्योहारों को बंद करने की सोची समझी साजिश है।
श्री भारद्वाज ने कहा कि वहीं कर्मचारियों के अवकाशों में कटौती, वेतन में कटौती, पेंशन बंद, वेतनमान भी समय निकलने के बाद कब लगेगा पता नहीं रहता, आठवां वेतनमान अभी तक नहीं लगा। श्री भारद्वाज ने कहा कि मेडिकल क्लेम बंद कर दिए, EL बंद कर दी, कांग्रेस के समय 300 EL का नगद भुगतान होता था, वह भी सबसे हाईएस्ट सैलरी के दिनों का, आज कोई बीमा नहीं, कोई मेडिकल नहीं। वरिष्ठ नेता डॉ. भारद्वाज ने कहा कि यह सरकार पूरी तरह कर्मचारी विरोधी भी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0