आईपीएल 2026: मुल्लांपुर स्टेडियम में तैयारियों का जायजा, दर्शकों को बेहतर अनुभव देने पर जोर

Mar 26, 2026 - 16:49
 0  5
आईपीएल 2026: मुल्लांपुर स्टेडियम में तैयारियों का जायजा, दर्शकों को बेहतर अनुभव देने पर जोर


मुल्लांपुर (न्यू चंडीगढ़), 26 मार्च: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के तहत 31 मार्च को पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटन्स के बीच होने वाले मुकाबले से पहले तैयारियों को अंतिम रूप देने की कवायद तेज हो गई है। इसी कड़ी में पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (पीसीए) के नवनियुक्त सचिव एवं लोकसभा सदस्य गुरमीत सिंह मीत हेयर और पीसीए के उपाध्यक्ष दीपक बाली ने आज मुल्लांपुर स्थित स्टेडियम का निरीक्षण किया।


निरीक्षण के दौरान डिप्टी कमिश्नर मोहाली कोमल मित्तल और एसएसपी हरमनदीप सिंह हंस सहित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में स्टेडियम के विभिन्न ब्लॉकों, दर्शक दीर्घाओं, प्रवेश-निकास मार्गों, पार्किंग व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों की बारीकी से समीक्षा की गई। विशेष रूप से भीड़ प्रबंधन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई, ताकि मैच के दौरान दर्शकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और उन्हें एक सहज व सुरक्षित अनुभव मिल सके।

गुरमीत सिंह मीत हेयर ने कहा कि आईपीएल जैसे बड़े आयोजन के सफल संचालन के लिए हर स्तर पर मजबूत और व्यवस्थित तैयारियां अनिवार्य हैं। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि यदि पंजाब इस तरह के मुकाबलों का सफल आयोजन करता है, तो राज्य भविष्य में और भी बड़े व प्रतिष्ठित टूर्नामेंटों की मेजबानी के लिए एक मजबूत दावेदार के रूप में उभरेगा। उन्होंने यह भी बताया कि इस वर्ष के अंत में पंजाब को एशियन चैंपियंस ट्रॉफी (हॉकी) की मेजबानी का अवसर मिलना राज्य के लिए गर्व की बात है।


वहीं, पीसीए के उपाध्यक्ष दीपक बाली ने सिविल और पुलिस प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय को बेहद जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि 31 मार्च के मुकाबले के अलावा इस स्टेडियम में तीन अन्य आईपीएल मैच भी आयोजित किए जाएंगे, जो प्रदेश के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। बाली ने विश्वास जताया कि मुल्लांपुर स्टेडियम आने वाले समय में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रमुख खेल आयोजनों का केंद्र बनकर उभरेगा।
प्रशासन ने भी भरोसा दिलाया कि सुरक्षा, यातायात और दर्शकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए सभी जरूरी इंतजाम समय रहते पूरे कर लिए जाएंगे, ताकि मैच का आयोजन सुचारु और यादगार बन सके।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0