रामदयालुनगर स्टेशन पर बनेगा सेकेंड एंट्री गेट, 97 करोड़ से बदलेगी सूरत; नई एक्सप्रेस ट्रेनें भी चलेंगी

Oct 20, 2026 - 16:14
 0  7
रामदयालुनगर स्टेशन पर बनेगा सेकेंड एंट्री गेट, 97 करोड़ से बदलेगी सूरत; नई एक्सप्रेस ट्रेनें भी चलेंगी

मुजफ्फरपुर
 अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत रामदयालुनगर स्टेशन पर जल्द ही एक और प्रवेश द्वार यानी सेकेंड एंट्री गेट का निर्माण किया जाएगा।

सोनपुर रेल मंडल की ओर से रामदयालुनगर समेत छह प्रमुख स्टेशनों पर सेकेंड एंट्री गेट व शेष निर्माण कार्यों के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इन सभी विकास कार्यों पर कुल 96 करोड़ 98 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।

टेंडर प्रक्रिया 11 को
इस पूरी योजना के तहत 11 नवंबर को टेंडर प्रक्रिया संपन्न की जाएगी। यह पूरा विकास कार्य सोनपुर मंडल के गति शक्ति परियोजना के उप मुख्य परियोजना प्रबंधक की देखरेख में पूरा किया जाएगा।

इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य रेलवे स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त सिटी सेंटर के रूप में विकसित करना है।

स्थानीय संस्कृति की झलक
नए स्टेशन भवन का डिजाइन स्थानीय संस्कृति, समृद्ध विरासत और वास्तुकला से पूरी तरह प्रेरित होगा। यात्रियों के सुलभ आवागमन के लिए बेहतर ट्रैफिक सर्कुलेशन, इंटर-मॉडल कनेक्टिविटी और स्पष्ट संकेत स्थापित किए जाएंगे।

इसके साथ ही उन्नत प्रतीक्षालय, प्लेटफॉर्म पर बैठने की सुव्यवस्थित जगह और मुफ्त वाई-फाई जैसी आधुनिक सुविधाएं सुनिश्चित होंगी।

जंक्शन का बेहतर विकल्प
आने वाले समय में रामदयालुनगर स्टेशन मुजफ्फरपुर जंक्शन के एक बड़े और सुगम विकल्प के तौर पर उभरेगा।

स्टेशन को विकसित करने के लिए दोनों प्लेटफॉर्मों की लंबाई और ऊंचाई बढ़ाकर उन्हें रेलवे मानकों के अनुरूप कर दिया गया है। वर्तमान में इस स्टेशन से एक इंटरसिटी सहित कुल पांच जोड़ी ट्रेनें संचालित हो रही हैं।

नई एक्सप्रेस ट्रेनें चलेंगी
स्टेशन के पूरी तरह विकसित होने के बाद यहां से अतिरिक्त नई एक्सप्रेस ट्रेनों का परिचालन भी शुरू किया जाएगा। रामदयालुनगर स्टेशन के विस्तार से सीधे तौर पर मुजफ्फरपुर जंक्शन पर यात्रियों की भीड़ का दबाव काफी कम होगा।

इसका सीधा लाभ अघोरिया बाजार, गन्नीपुर, सादपुरा, भिकनपुरा, कच्ची पक्की, खबड़ा, मझौलिया और कलमबाग रोड के निवासियों को मिलेगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0