फतेहाबाद अस्पताल में शुरू हुई अमृत फार्मेसी, 30% तक सस्ती मिलेंगी महंगी दवाएं

Aug 16, 2026 - 16:14
 0  9
फतेहाबाद अस्पताल में शुरू हुई अमृत फार्मेसी, 30% तक सस्ती मिलेंगी महंगी दवाएं

फतेहाबाद
 जिला नागरिक अस्पताल में मरीजों को अब महंगी दवाओं के लिए बाहर के मेडिकल स्टोर के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। अस्पताल परिसर में अमृत फार्मेसी की शुरुआत हो गई है। यहां महंगी दवा बाजार की तुलना में करीब 20 से 30 प्रतिशत तक कम कीमत पर उपलब्ध करवाई जाएंगी।

इससे लंबे समय तक इलाज करवाने वाले मरीजों और उनके स्वजनों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। अस्पताल में पहले से सरकारी डिस्पेंसरी और जन औषधि केंद्र संचालित हो रहे हैं। अब अमृत फार्मेसी शुरू होने से मरीजों के पास दवा लेने के लिए एक और विकल्प उपलब्ध हो गया है।

अमृत फार्मेसी की खास सुविधा यह रहेगी कि अस्पताल में किसी मरीज को ऐसी दवा की जरूरत पड़ती है, जो अस्पताल की डिस्पेंसरी में उपलब्ध नहीं है तो डाॅक्टर की मांग के आधार पर उसे मंगवाने की व्यवस्था की जाएगी। इससे मरीजों को बाहर जाकर दवा तलाशने की परेशानी कम होगी।

खासकर ऐसी महंगी दवाइयां, जिन्हें मरीजों को नियमित रूप से लेना पड़ता है, उनके लिए यह सुविधा काफी उपयोगी साबित हो सकती है। अस्पताल प्रबंधन की ओर से इस व्यवस्था के माध्यम से मरीजों को सस्ती दरों पर दवाइयां उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

मुफ्त दवाओं की उपलब्धता का सवाल भी बरकरार
एक तरफ अमृत फार्मेसी शुरू होने से मरीजों को सस्ती दवा मिलने की सुविधा मिली है, वहीं दूसरी ओर अस्पताल की मुफ्त दवाइयों का टोटा भी मरीजों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। सरकारी डिस्पेंसरी में निर्धारित दवा उपलब्ध नहीं होने पर मरीजों को बाहर से दवा खरीदनी पड़ती है।

ऐसे में अमृत फार्मेसी की शुरुआत से राहत जरूर मिलेगी, लेकिन मरीजों की पहली प्राथमिकता अस्पताल में मिलने वाली मुफ्त दवा ही रहती हैं। अस्पताल में सरकारी डिस्पेंसरी, जन औषधि केंद्र और अब अमृत फार्मेसी के तीन विकल्प उपलब्ध हो गए हैं। मरीजों की मांग है कि मुफ्त दवा की उपलब्धता भी नियमित की जाए, ताकि उन्हें इलाज के लिए अतिरिक्त खर्च न उठाना पड़े।

अमृत फार्मेसी शुरू हो गई है। मरीजों को अब बाहरी मेडिकल पर नहीं जाना पड़ेगा। यहां पर सस्ती दवाइयां भी मिलेगी। वहीं आने वाले दिनों में वीटा बूथ भी शुरू हो जाएगा। -डाॅ. सुभाष चंद्र, एसएमओ नागरिक अस्पताल।

 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0