बड़वानी पुलिस की बड़ी उपलब्धि

Aug 18, 2026 - 16:14
 0  8
बड़वानी पुलिस की बड़ी उपलब्धि

भोपाल 

मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा पुलिस कार्यप्रणाली में गुणवत्ता, पारदर्शिता, जवाबदेही एवं निरंतर सुधार को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों के क्रम में बड़वानी पुलिस ने महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। पुलिस अधीक्षक  पद्मविलोचन शुक्ल के नेतृत्व में जिले के 5 पुलिस थानों एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय बड़वानी को अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप कार्यप्रणाली एवं व्यवस्थाएं विकसित करने पर ISO प्रमाणन प्राप्त हुआ है।

आयोजित कार्यक्रम में संस्था के सलाहकार  एस.के. विद्यार्थी द्वारा डीआईजी निमाड़ रेंज सु सिमाला प्रसाद की उपस्थिति में ISO प्रमाण-पत्र पुलिस अधीक्षक बड़वानी  पद्मविलोचन शुक्ल को प्रदान किए गए। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों पर परखी गई पुलिस कार्यप्रणाली

ISO प्रमाणन की प्रक्रिया के अंतर्गत संबंधित पुलिस थानों एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय का विस्तृत निरीक्षण एवं मूल्यांकन किया गया। इस दौरान अभिलेखों के व्यवस्थित संधारण, कार्यों की निगरानी, जवाबदेही, निर्धारित प्रक्रियाओं का प्रभावी अनुपालन, नागरिक सेवाओं की गुणवत्ता एवं पुलिस कार्यप्रणाली में निरंतर सुधार सहित विभिन्न मानकों का परीक्षण किया गया।

निरीक्षण में पुलिस कार्यालयों एवं थानों में उपलब्ध नागरिक सुविधाओं तथा जरूरतमंद वर्गों के लिए की गई विशेष व्यवस्थाओं को भी देखा गया। इनमें महिला ऊर्जा केंद्र, बाल मित्र कक्ष एवं वात्सल्य कक्ष जैसी सुविधाएं शामिल हैं। निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप कार्यप्रणाली एवं व्यवस्थाएं पाए जाने पर आईएसओ प्रमाणन की प्रक्रिया पूर्ण की गई।

सकारात्मक एवं मानवीय पुलिसिंग को बढ़ावा देने की अभिनव पहल

ISO प्रमाणन के दौरान पुलिस थानों में सकारात्मक एवं मानवीय वातावरण विकसित करने की दिशा में बड़वानी पुलिस द्वारा किए गए नवाचार को भी विशेष महत्व मिला। जिले के सभी थानों की हवालात की दीवारों पर प्रेरक कहानियों, सकारात्मक संदेशों एवं कार्टून के माध्यम से विशेष चित्रांकन कराया गया है।

इस पहल का उद्देश्य निरुद्ध व्यक्तियों में आत्मचिंतन, सकारात्मक सोच एवं नैतिक मूल्यों को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें अपराध से दूर रहकर बेहतर एवं सकारात्मक जीवन की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है। यह पहल पुलिसिंग में केवल कानून के अनुपालन तक सीमित न रहकर सुधारात्मक एवं मानवीय दृष्टिकोण को बढ़ावा देने का उदाहरण है।

इन पुलिस इकाइयों को मिला ISO प्रमाणन

बड़वानी जिले में पुलिस अधीक्षक कार्यालय बड़वानी, थाना कोतवाली, थाना सिलावद, थाना सेंधवा शहर, थाना सेंधवा ग्रामीण एवं थाना राजपुर को आईएसओ प्रमाणन प्रदान किया गया है।

मध्यप्रदेश पुलिस नागरिक-केंद्रित पुलिसिंग, आधुनिक प्रबंधन प्रणाली तथा सेवा गुणवत्ता में निरंतर सुधार के लिए प्रतिबद्ध है। यह उपलब्धि न केवल बड़वानी पुलिस, बल्कि संपूर्ण मध्यप्रदेश पुलिस के लिए गौरव का विषय है और जनसेवा की गुणवत्ता को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह पहल पुलिस को अधिक प्रभावी, उत्तरदायी और जनोन्मुखी बनाने के साथ-साथ प्रदेश के अन्य जिलों के लिए भी एक अनुकरणीय मॉडल सिद्ध होगी।

 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0