लकड़ी पर उकेरे सपने, हुनर से लिख रहीं दुर्गा आत्मनिर्भरता की नई इबारत

Nov 24, 2026 - 07:14
 0  8
लकड़ी पर उकेरे सपने, हुनर से लिख रहीं दुर्गा आत्मनिर्भरता की नई इबारत

लकड़ी पर उकेरे सपने, हुनर से लिख रहीं दुर्गा आत्मनिर्भरता की नई इबारत

अब हर महीने 6 से 8 हजार रुपये की कमाई

भोपाल 

लकड़ी के बेजान टुकड़ों में खूबसूरत आकृतियां उकेरते दुर्गा सिंह के हाथ केवल कलाकृतियां ही नहीं गढ़ रहे, बल्कि आत्मनिर्भर भविष्य के सपनों को भी आकार दे रहे हैं। उच्च शिक्षा हासिल करने के बाद भी जब आर्थिक परिस्थितियों ने आगे बढ़ने की राह कठिन बनाई, तो दुर्गा ने निराश होने के बजाय अपने हुनर को अपनी ताकत बना लिया। शहडोल जिले के छोटे से गांव छतवई की दुर्गा अपनी मेहनत, लगन और कलात्मक प्रतिभा से महिला सशक्तिकरण की एक प्रेरक कहानी लिख रही है।

डिग्री के बाद चुनौतियां मिलीं, लेकिन हौसला नहीं टूटा

वर्ष 2019 में मनोविज्ञान विषय से एमए करने के बाद दुर्गा ने सरकारी नौकरी की तैयारी शुरू की। पिता की मजदूरी से चलने वाले परिवार की आर्थिक परिस्थितियां उनके सामने बड़ी चुनौती थीं। मां गृहिणी हैं और परिवार में तीन बहनें तथा एक भाई हैं। सीमित आय के बीच अपने सपनों को पूरा करना आसान नहीं था, लेकिन दुर्गा ने परिस्थितियों के सामने हार मानने के बजाय कुछ नया सीखकर अपने पैरों पर खड़े होने का संकल्प लिया।

उन्होंने सबसे पहले सिलाई-बुनाई सीखी। इसके बाद ब्यूटी पार्लर का काम भी सीखने का प्रयास किया। इन कार्यों से अपेक्षित आमदनी नहीं हुई, लेकिन हर अनुभव ने उन्हें कुछ नया करने की प्रेरणा दी। इसी तलाश ने उन्हें छतवई के हथकरघा एवं हस्तशिल्प केंद्र तक पहुंचाया, जहां उनके जीवन को एक नई दिशा मिली।

चित्रकला से मिला हुनर को नया आयाम

हस्तशिल्प केंद्र में दुर्गा ने सबसे पहले जनजातीय गोंडी चित्रकला का प्रशिक्षण लिया। रंगों, रेखाओं और पारंपरिक आकृतियों की दुनिया से जुड़ते ही उनकी कलात्मक प्रतिभा निखरने लगी। इसी दौरान उनकी रुचि काष्ठ शिल्प की ओर बढ़ी। उन्होंने लकड़ी पर चित्रांकन और आकर्षक कलाकृतियां बनाने की बारीकियां सीखना शुरू किया।

महज एक महीने के अभ्यास में दुर्गा ने अपनी लगन और कलात्मक समझ से प्रशिक्षकों को प्रभावित किया है। आज वह लकड़ी पर सुंदर आकृतियां उकेरने के साथ अपनी कल्पनाशीलता को कलाकृतियों में ढाल रही हैं। गोंडी चित्रकला का ज्ञान उनके काष्ठ शिल्प को और अधिक आकर्षक बनाने में मदद कर रहा है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि जिस हुनर को दुर्गा ने सीखने की शुरुआत की थी, वही अब उनकी कमाई का जरिया भी बन रहा है। वर्तमान में वह काष्ठ शिल्प से प्रतिमाह लगभग 6 से 8 हजार रुपये अर्जित कर रही हैं। यह आमदनी भले ही अभी सीमित हो, लेकिन दुर्गा के लिए इसका महत्व कहीं अधिक है। यह उनकी आर्थिक स्वतंत्रता, आत्मविश्वास और उज्ज्वल भविष्य की ओर बढ़ता कदम है।

अब अपने हाथों से गढ़ना चाहती हैं भविष्य

दुर्गा का सपना अपने हुनर को और निखारकर काष्ठ शिल्प के क्षेत्र में मजबूत पहचान बनाना है। वह मानती हैं कि निरंतर अभ्यास, बेहतर प्रशिक्षण और अधिक समय देने से उनकी आमदनी में वृद्धि हो सकती है। सरकारी नौकरी की तैयारी भी उन्होंने नहीं छोड़ी है, लेकिन अब वह केवल नौकरी मिलने का इंतजार नहीं कर रहीं। उन्होंने अपनी प्रतिभा के बल पर आत्मनिर्भर बनने की राह चुन ली है।

एक दुर्गा नहीं, आत्मनिर्भरता की राह पर बढ़ रहीं अनेक महिलाएं

दुर्गा की सफलता केवल एक युवती की उपलब्धि नहीं, बल्कि ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की उभरती तस्वीर भी है। छतवई के हथकरघा एवं हस्तशिल्प केंद्र में वर्तमान में 12 महिलाएं काष्ठ शिल्प का प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं, जबकि 17 पुरुष भी इस कला से जुड़े हैं। पारंपरिक कला और कौशल के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को आजीविका के नए अवसर मिल रहे।

 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0