मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार को नई दिल्ली में सेमिकॉन इंडिया-2026 में होंगे शामिल

Sep 17, 2026 - 17:44
 0  7
मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार को नई दिल्ली में सेमिकॉन इंडिया-2026 में होंगे शामिल

भोपाल 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार, 18 सितंबर को नई दिल्ली में आयोजित सेमिकॉन इंडिया-2026 में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव यशोभूमि, नई दिल्ली में स्थापित मध्यप्रदेश राज्य पवेलियन का भ्रमण कर स्वीडिश एवं जापानी प्रतिनिधिमंडलों के साथ वन-टू-वन संवाद करेंगे। इसमें सेमीकंडक्टर एवं इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र में निवेश के अवसरों, प्रौद्योगिकी सहयोग और संभावित साझेदारियों पर चर्चा होगी। संवाद में ऑक्साइड कॉरपोरेशन, स्केल फोटोनिक्स, इम्प्यूट इंक., एक्रिटेक, कैनन, मैकडर्मिड अल्फा, हनव्हा, कैजो और जेनेसेम इंक. सहित कंपनियों एवं संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।

मध्यप्रदेश सेमिकॉन इंडिया-2026 में स्टेट पार्टनर के रूप में सहभागिता कर रहा है। मध्यप्रदेश राज्य पवेलियन, बूथ H3005 में प्रदेश के उभरते सेमीकंडक्टर एवं इलेक्ट्रॉनिक्स इकोसिस्टम, निवेश के अवसरों, औद्योगिक क्षमताओं, प्रतिभा आधार तथा अनुकूल नीतिगत वातावरण को प्रदर्शित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव पवेलियन में प्रदेश के उद्योग एवं अकादमिक क्षेत्र के हितधारकों से भी संवाद करेंगे। औद्योगिक क्षेत्र से पारस सेमीकंडक्टर, एचएलबीएस, कास्टएनएक्स और सिक्योर मीटर्स की सहभागिता है। वहीं अकादमिक एवं अनुसंधान इकोसिस्टम का प्रतिनिधित्व आईआईटी इंदौर, आईआईआईटी ग्वालियर, आईटी डीएवीवी और एसजीएसआईटीएस इंदौर द्वारा किया जा रहा है।

सेमीकंडक्टर क्षेत्र में निवेश और नवाचार के वैश्विक अवसरों का मंच बना सेमिकॉन इंडिया-2026

सेमिकॉन इंडिया-2026 का आयोजन 17 से 19 सितंबर 2026 तक यशोभूमि, नई दिल्ली में हो रहा है। इसमें सरकारों, वैश्विक सेमीकंडक्टर कंपनियों, प्रौद्योगिकी क्षेत्र के अग्रणी संस्थानों, निवेशकों, अकादमिक जगत और सेमीकंडक्टर वैल्यू चेन से जुड़े अन्य हितधारकों की सहभागिता है।

मध्यप्रदेश अपनी सहभागिता के माध्यम से राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय हितधारकों को प्रदेश में सेमीकंडक्टर निर्माण, इलेक्ट्रॉनिक्स, प्रौद्योगिकी, अनुसंधान, नवाचार एवं संबद्ध क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों से परिचित करा रहा है। राज्य पवेलियन में प्रदेश की औद्योगिक एवं संस्थागत क्षमताओं, निवेश के अवसरों तथा सेमीकंडक्टर एवं इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र के इकोसिस्टम को प्रदर्शित किया जा रहा है।

स्टेट पार्टनर के रूप में मध्यप्रदेश की सहभागिता से वैश्विक सेमीकंडक्टर एवं इलेक्ट्रॉनिक्स इकोसिस्टम के विकास के प्रति राज्य की प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करने के साथ बिजनेस-टू-गवर्नमेंट एवं बिजनेस-टू-बिजनेस संवाद को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके माध्यम से निवेश, प्रौद्योगिकी साझेदारी, विनिर्माण, अनुसंधान, नवाचार एवं कुशल रोजगार के अवसरों पर संवाद को आगे बढ़ाया जा रहा है। सेमिकॉन इंडिया-2026 में मध्यप्रदेश सेमीकंडक्टर वैल्यू चेन से जुड़े रणनीतिक संवाद को मजबूत करने और नई पीढ़ी की प्रौद्योगिकी में निवेश के लिए राज्य की तैयारियों को प्रदर्शित कर रहा है। 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0