प्रधानमंत्री मोदी के आगमन और एयर शो के मद्देनजर मुख्यमंत्री योगी ने तैयारियों की समीक्षा की

Oct 25, 2026 - 03:44
 0  7
प्रधानमंत्री मोदी के आगमन और एयर शो के मद्देनजर मुख्यमंत्री योगी ने तैयारियों की समीक्षा की

प्रधानमंत्री मोदी के आगमन और एयर शो के मद्देनजर मुख्यमंत्री योगी ने तैयारियों की समीक्षा की

सीएम योगी ने अधिकारियों को सुरक्षा, यातायात और पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त रखने के दिए निर्देश

एयर शो के दौरान गंगा घाटों तक आम लोगों की पहुंच आसान बनाने को लेकर मुख्यमंत्री ने दिए कई निर्देश

अनावश्यक बैरिकेडिंग से बचने और भीड़ प्रबंधन के बेहतर इंतजाम करने के लिए अधिकारियों से कहा

घाटों पर अतिरिक्त सफाई, 200 मोबाइल टॉयलेट और 280 वाटर टैंकरों की है व्यवस्था

वाराणसी,
 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार की शाम  दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे। उन्होंने सर्किट हाउस सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर रविवार को आयोजित होने वाले एयर शो की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने आम लोगों की गंगा घाटों तक पहुंच आसान बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए निर्देश दिया कि अनावश्यक बैरिकेडिंग न की जाए। भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए सुरक्षा के साथ-साथ लोगों की सुविधा का भी पूरा ध्यान रखा जाए। मुख्यमंत्री ने शहर के सभी प्रमुख मार्गों और कार्यक्रम स्थलों पर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी गंगा घाटों पर अतिरिक्त सफाई, पर्याप्त शौचालय और पीने के पानी की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि दर्शकों को किसी तरह की असुविधा न हो।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन और एयर शो के मद्देनजर मुख्यमंत्री ने गंगा घाटों समेत सभी प्रमुख स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। उन्होंने वाहनों की पार्किंग के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध कराने, रूट डायवर्जन की प्रभावी व्यवस्था करने और यातायात सुचारु बनाए रखने पर जोर दिया। साथ ही, अधिकारियों को निर्देशित किया कि भीड़ को नियंत्रित करने के दौरान आम लोगों की आवाजाही और घाटों तक पहुंच में अनावश्यक बाधा न आने पाए।

बैठक में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से मुख्यमंत्री को जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की तैयारियों की जानकारी दी। प्रस्तुतीकरण के आधार पर मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने मुख्यमंत्री को बताया कि घाटों पर सिल्ट की सफाई, 200 मोबाइल टॉयलेट और 280 वाटर टैंकरों की व्यवस्था की गई है। घाटों और प्रमुख मार्गों पर दो हजार डस्टबिन रखे जाएंगे। सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए 200 सफाई वॉलंटियर भी तैनात रहेंगे। उन्होंने व्यवस्थाओं में लगाए गए सफाई कर्मचारियों की तैनाती के संबंध में भी जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने पूरे शहर में साफ-सफाई के साथ संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में पड़े कूड़े को हटाने हेतु निर्देशित किया।

बैठक में श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर, स्टाम्प मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल, आयुष मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ दयाशंकर मिश्र 'दयालु', एमएसएमई राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, महापौर अशोक तिवारी, सदस्य विधान परिषद राय धर्मेंद्र सिंह, पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी, विधायक डॉ अवधेश सिंह, विधायक त्रिभुवन राम, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, विधायक डॉ सुनील पटेल, जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल, एडीजी जोन नवीन अरोड़ा, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा, डीआईजी वैभव कृष्ण, विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा, नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, सीडीओ प्रखर कुमार सिंह समेत सम्बन्धित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0