गुरुग्राम में निर्माण मलबा अब जीएमडीए से मिलेगा निशुल्क
गुरुग्राम
निर्माण कार्यों में उपयोगी मलबे की जरूरत है तो अब इसे खरीदने की बजाय गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) से निशुल्क प्राप्त किया जा सकता है। जीएमडीए ने इसके लिए कंस्ट्रक्शन एंड डिमोलिशन (सीएंडडी) वेस्ट पोर्टल की शुरुआत कर दी है।
जीएमडीए की वेबसाइट पर पोर्टल शुरू होने के बाद 20 से अधिक लोगों ने पंजीकरण कराया है, जबकि चार आवेदकों को ऑनलाइन अनुमति पत्र भी जारी किए जा चुके हैं।
यह व्यवस्था निर्माण एवं विध्वंस से निकलने वाली उपयोगी सामग्री के पुन: उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू की गई है।
बहरामपुर संग्रह केंद्र से मिलेगा मलबा
जीएमडीए ने शहर की ग्रीन बेल्ट और अन्य स्थानों से हटाए गए पुन: उपयोग योग्य मलबे को बहरामपुर सेक्टर-72 में बने सीएंडडी वेस्ट संग्रह केंद्र में रखा है। यहां से नागरिक, संस्थान, ठेकेदार और डेवलपर्स अपनी आवश्यकता के अनुसार उपयोगी निर्माण सामग्री नि:शुल्क प्राप्त कर सकते हैं।
ऑनलाइन आवेदन और क्यूआर कोड आधारित अनुमति
जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीसी मीणा के अनुसार, पोर्टल पर मोबाइल नंबर के माध्यम से पंजीकरण करने के बाद आवेदक उपयोग स्थल और वाहन संबंधी जानकारी ऑनलाइन दर्ज करते हैं।
इसके बाद क्यूआर कोड आधारित अनुमति पत्र जारी किया जाता है, जिसके आधार पर संग्रह केंद्र से सामग्री प्राप्त की जा सकती है। आवेदक अपने आवेदन की स्थिति ऑनलाइन देख सकते हैं और अनुमति पत्र डाउनलोड भी कर सकते हैं।
शहर से मलबा होगा कम, पर्यावरण संरक्षण को मिलेगा बढ़ावा
प्राधिकरण का कहना है कि निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट के दोबारा उपयोग से प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण होगा, लैंडफिल पर पड़ने वाला दबाव कम होगा और शहर में स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल विकास को बढ़ावा मिलेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0