वर्धमान ग्रुप चेयरमैन से सात करोड़ की ठगी मामले में ED ने दाखिल की पूरक शिकायत

Nov 29, 2026 - 11:44
 0  8
वर्धमान ग्रुप चेयरमैन से सात करोड़ की ठगी मामले में ED ने दाखिल की पूरक शिकायत

चंडीगढ़.

वर्धमान ग्रुप के चेयरमेन और उद्योगपति एसपी ओसवाल को कानून प्रवर्तन एजेंसियों और न्यायपालिका के अधिकारियों के नाम पर डिजिटल अरेस्ट कर सात करोड़ रुपये की ठगी करने के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने सात आरोपितों के खिलाफ पूरक अभियोजन शिकायत दाखिल की है।

ईडी के जालंधर जोनल कार्यालय ने 25 नवंबर को विशेष पीएमएलए अदालत, जालंधर में यह शिकायत दाखिल की।
जांच में सामने आया है कि ठगी की सात करोड़ रुपये की रकम को कई बैंक खातों के जरिये अलग-अलग हिस्सों में बांटकर निकाला गया। इसके बाद इस रकम को शेल कंपनियों और ट्रेड आधारित मनी लांड्रिंग के माध्यम से विदेश भेजने का नेटवर्क भी सामने आया है। ईडी की जांच लुधियाना के साइबर क्राइम पुलिस थाने में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर शुरू हुई थी। जांच में पता चला कि ठगों ने खुद को कानून प्रवर्तन एजेंसियों और न्यायपालिका का अधिकारी बताकर एसपी ओसवाल से सात करोड़ रुपये वसूले थे। यह रकम शुरुआत में मेसर्स रिग्लो वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड और मेसर्स फ्रोजनमैन वेयरहाउसिंग एंड लॉजिस्टिक्स के बैंक खातों में जमा कराई गई। वहां से रकम को कई अन्य बैंक खातों में भेज दिया गया।

48 खातों में भेजी रकम
जांच के अनुसार, रिग्लो वेंचर्स के खाते से रकम दो से पांच लाख रुपये की छोटी-छोटी किस्तों में 48 अन्य लोगों के बैंक खातों में स्थानांतरित की गई। इन खातों से तुरंत नकदी निकाल ली जाती थी। इन बैंक खातों का इस्तेमाल करने के बदले संबंधित लोगों को नकद और वर्चुअल डिजिटल एसेट (क्रिप्टोकरेंसी) के रूप में कमीशन दिया जाता था। ईडी के मुताबिक, आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को ऋण दिलाने और रोजगार देने का झांसा देकर उनके बैंक खाते खुलवाए गए थे। इन खातों का इस्तेमाल ठगी की रकम को छिपाने और आगे भेजने के लिए किया गया।

कंबोडिया-वियतनाम तक निकला कनेक्शन
जांच में फ्रोजनमैन वेयरहाउसिंग एंड लॉजिस्टिक्स के बैंक खातों का नियंत्रण गुवाहाटी के रूमी कलिता और कानपुर के अर्पित राठौर के पास होने का पता चला। आरोपित रकम को तेजी से एक खाते से दूसरे खाते में भेजने के लिए एपीके आधारित 'एएमएमफारवर्ड' एप्लीकेशन का इस्तेमाल करते थे। अर्पित राठौर ने कंबोडिया और वियतनाम से जुड़े लोगों को भी म्यूल बैंक खाते उपलब्ध कराए थे। रूमी कलिता को 23 दिसंबर 2025 और अर्पित राठौर को 31 दिसंबर 2025 को गिरफ्तार किया गया था।

मुख्य संचालक सोहेल गिरफ्तार
वहीं, रिग्लो वेंचर्स के बैंक खातों का संचालन सोहेल अख्तर उर्फ राजू कर रहा था। ईडी के अनुसार, वह इस नेटवर्क का प्रमुख संचालक था और लोगों को बैंक खाते उपलब्ध कराने के लिए भर्ती करता था। वह नेपाल में बैठे अपने विदेशी सहयोगी के निर्देश पर खाते जुटाता था। यह सहयोगी 'प्रिस्ट' नाम से काम कर रहा था। इसके बदले सोहेल को क्रिप्टोकरेंसी और नकदी के रूप में कमीशन मिलता था। सोहेल अख्तर को 28 सितंबर 2026 को गिरफ्तार किया गया था। ईडी अब तक इस मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है।

इसके अलावा 14 फरवरी 2026 को 1.76 करोड़ रुपये की संपत्ति अस्थायी रूप से अटैच की गई थी। इससे पहले 19 फरवरी 2020 को रूमी कलिता, अर्पित राठौर, आनंद चौधरी, अतनु चौधरी और उनकी कंपनी फ्रोजनमैन वेयरहाउसिंग एंड लॉजिस्टिक्स के खिलाफ अभियोजन शिकायत दाखिल की गई थी। अब 25 नवंबर 2026 को दाखिल पूरक शिकायत में सोहेल अख्तर उर्फ राजू, अमरचंद सरकार, अली, राकेश अली, गोआम मुर्तजा, आलोक रंगी और रिग्लो वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड को आरोपित बनाया गया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0