Jalandhar में फर्जी NRI गैंग का पर्दाफाश: महिला से 9 लाख की ठगी, बनाया आपत्तिजनक वीडियो

Apr 19, 2026 - 11:14
 0  9
Jalandhar में फर्जी NRI गैंग का पर्दाफाश: महिला से 9 लाख की ठगी, बनाया आपत्तिजनक वीडियो

जालंधर.

महानगर में आपने हनी ट्रैप के मामलों में लड़कियों या महिलाओं की ओर से व्यक्तियों से पैसे ठगने की बात अकसर सुनी होगी। वहीं अब हनी ट्रैप का ऐसा मामला सामने आया है जिसमें एक पुरुष ने खुद को एनआरआइ बताकर एक महिला को शिकार बनाया। उस युवक ने फेसबुक के माध्यम से महिला से दोस्ती की, उसका विश्वास जीता और फिर उसे ब्लैकमेल करके करीब नौ लाख रुपये ठग लिए।

आरोपित युवक ने फेसबुक पर एक फर्जी प्रोफाइल बनाकर महिला से संपर्क किया। उसने खुद को विदेश में रहने वाला एनआरआइ बताया और धीरे-धीरे महिला के साथ बातचीत बढ़ाई। कुछ समय बाद दोनों में नजदीकियां बढ़ गईं और आरोपित ने महिला को मिलने के लिए एक होटल में बुलाया। मुलाकात के दौरान आरोपित ने चुपके से महिला की आपत्तिजनक वीडियो बना ली। इसके बाद उसने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। डर के कारण महिला ने कई बार में कुल नौ लाख रुपये आरोपित को दे दिए। जब आरोपित ने और पैसे मांगे तब महिला ने हिम्मत जुटाकर अपने परिवार को पूरी बात बताई और पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस के रिकार्ड के अनुसार पहले ऐसे मामलों में अधिकतर पुरुष शिकार बनते थे, लेकिन अब महिलाएं भी निशाने पर आ रही हैं।

गिफ्ट भेजने के नाम पर कस्टम चार्ज के बहाने ठगा
हाल ही में देहात में रहने वाली एक महिला को इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद गिफ्ट भेजने के नाम पर कस्टम चार्ज के बहाने ठगा गया। महिला के इंस्टाग्राम पर एक कैनेडियन प्रोफाइल से दोस्त बना। युवक ने कई तरह के प्रलोभन देकर महिला को विश्वास में लिया और फिर उसे भी कनाडा में सेटल करने की बात कही। महिला उसकी बातों में आ गई। इसके बाद उसने महंगे गिफ्ट भेजने की बात की और फिर कस्टम में फंसने की बात कहकर उससे करीब 50 हजार रुपये अपने अकाउंट में ट्रांसफर करवा लिए। जालंधर की ही एक कालेज छात्रा को फेसबुक फ्रेंड ने फंसाया। उसके साथ वीडियो काल करता रहा और फिर एक वीडियो काल के दौरान आपत्तिजनक रिकार्डिंग कर ब्लैकमेल किया गया और उससे हजारों रुपये ऐंठे गए।

विदेशी दूल्हे की तलाश में गंवाई जमा पूंजी
जालंधर की एक महिला को विदेशी दूल्हा चाहिए था। उसने इंटरनेट पर सर्च किया और एक एनआरआइ से बात शुरू की। बात दोस्ती में बदली और फिर शादी का प्रस्ताव मिला। पूरे परिवार को विदेश में सेटल करने की बात कही गई। इसके बाद महिला की सारी सेविंग उस व्यक्ति ने विश्वास में लेकर अपने खाते में डलवा ली, लेकिन न तो शादी हुई और न ही विदेश में ले जाने का वादा पूरा हुआ। हनी ट्रैप में फंसाने के लिए साइबर ठग फर्जी प्रोफाइल तैयार कर ऐसी महिलाओं की तलाश में रहते हैं जो विदेशी दूल्हे से शादी करने या विदेश में सेटल होने का सपना देखती हैं। ठग आकर्षक फोटो और झूठी पहचान के साथ इंटरनेट मीडिया पर अकाउंट बनाते हैं। इसके बाद दोस्ती और भावनात्मक जुड़ाव से अपनी तरफ खींचते हैं और बातचीत कर भरोसा जीतते हैं। इसके बाद रिकार्डिंग और ब्लैकमेल का सिलसिला शुरू होता है। आपत्तिजनक फोटो या वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करके पैसे ठगे जाते हैं।

इस प्रकार के ठगी से बचने के लिए कुछ सावधानियां बरतनी चाहिए। अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार करने से बचें। इंटरनेट मीडिया पर निजी जानकारी साझा न करें। किसी भी व्यक्ति पर भरोसा न करें, खासकर जो खुद को एनआरआइ या बड़ा कारोबारी बताए। निजी मुलाकात या वीडियो काल से पहले सावधानी बरतें। यदि आप ब्लैकमेलिंग का शिकार होते हैं, तो तुरंत पुलिस से संपर्क करें और पैसे देने की बजाय कानूनी मदद लें। साइबर एक्सपर्ट पलविंदर सिंह ने कहा किसाइबर ठग कई तरह की ठगी करते हैं, इसलिए इंटरनेट मीडिया का इस्तेमाल पूरी सावधानी के साथ करें। किसी भी प्रोफाइल पर क्लिक न  करें, यदि कोई रिक्वेस्ट आती है तो सबसे पहले यह देखें कि उसके साथ कामन फ्रेंड भी शामिल हैं या नहीं। पूरी प्रोफाइल चेक करें। यदि संदिग्ध लगे तो न रिक्वेस्ट भेजें, न स्वीकार करें। सावधानी ही सबसे बड़ा बचाव है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0