जनता की अपेक्षाओं को पूर्ण करना और क्षेत्र का सर्वांगीण विकास हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता : राज्यमंत्री गौर

Aug 12, 2026 - 17:14
 0  9
जनता की अपेक्षाओं को पूर्ण करना और क्षेत्र का सर्वांगीण विकास हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता : राज्यमंत्री गौर

भोपाल

राज्यमंत्री कृष्णा गौर ने कहा की “जनता ने हम पर जो असीम विश्वास जताया है, उसे सतत विकास कार्यों के माध्यम से चरितार्थ करना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है।" पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर गोविन्दपुरा विधानसभा क्षेत्र में लगभग 1 करोड़ 33 लाख रुपये की लागत के विभिन्न अधोसंरचनात्मक विकास कार्यों के भूमि-पूजन  समारोह को संबोधित कर रही थीं । उन्होंने कहा कि सावन के पावन अवसर पर क्षेत्रवासियों की दीर्घकालिक अभिलाषाएं साकार हो रही हैं। जनप्रतिनिधि के रूप में जन-आकांक्षाओं के अनुरूप क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करना और प्रत्येक नागरिक की हर अपेक्षा पर खरा उतरना शासन का मुख्य ध्येय है।

विकास कार्यक्रमों की श्रृंखला में क्षेत्र में सड़क, जल निकासी और सामुदायिक सुविधाओं के विस्तार के लिए विविध निर्माण कार्यों की आधारशिला रखी गई। इसके अंतर्गत वार्ड क्रमांक 53 के मिसरोद स्थित चाचा मोहल्ला में 20 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाली सीसी सड़क तथा गायत्री विहार फेस-1 में 41 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सामुदायिक भवन का भूमि- पूजन किया गया । इसी क्रम में वार्ड क्रमांक 55 के जाटखेड़ी में 30 लाख रुपये की लागत से नाली एवं रोड क्रॉस निर्माण तथा बागमुगालिया एक्सटेंशन क्लस्टर कैंपस (लहारपुर) में 43 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाली सीसी सड़क का शुभारंभ किया गया।

राज्यमंत्री गौर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी स्वीकृत निर्माण कार्य पूर्ण गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ संपन्न कराए जाएं, जिससे आमजन को अविलंब इनका लाभ मिल सके। कार्यक्रम में उन्होंने स्थानीय निवासियों से आत्मीय संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना तथा उपस्थित अधिकारियों को उनके त्वरित निराकरण के लिए निर्देशित किया। इस अवसर पर मोनिका ठाकुर, अर्चना परमार,  प्रताप वारे,  जितेंद्र शुक्ला,  धर्मेंद्र परिहार,  नीरज सिंह,  रामबाबू पाटीदार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रबुद्ध नागरिक एवं रहवासी उपस्थित रहे। 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0