गुरु पूजन कर शिष्यों को आशीर्वाद देंगे गोरक्षपीठाधीश्वर

Jul 28, 2026 - 15:44
 0  5
गुरु पूजन कर शिष्यों को आशीर्वाद देंगे गोरक्षपीठाधीश्वर

गोरखपुर। गुरु पूर्णिमा के पावन पर्व पर गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को शिवावतार महायोगी गुरु गोरखनाथ का विशिष्ट पूजन कर नाथपंथ के गुरुजनों के प्रति श्रद्धा निवेदित करेंगे। इस पर्व पर नाथपंथ के आदिगुरु गोरखनाथ जी को रोट अर्पित करने की भी परंपरा है। आनुष्ठानिक कार्यक्रमों को पूर्ण करने के बाद गोरक्षपीठाधीश्वर साधु-संतों और अपने शिष्यों को आशीर्वाद प्रदान करेंगे। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर गोरखनाथ मंदिर में चल रही सप्तदिवसीय श्रीराम कथा की पूर्णाहुति भी होगी। 

गोरखनाथ मंदिर में गुरु पूर्णिमा के दिन बुधवार को गोरखनाथ मंदिर में गुरु पूजन का विशिष्ट अनुष्ठान प्रातःकाल 5 बजे से ही प्रारंभ हो जाएगा। गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ सुबह सबसे पहले गुरु गोरखनाथ जी की पूरे विधि विधान से पूजा करेंगे। पूजनोपरांत श्रीनाथ जी को रोट चढ़ाया जाएगा। गुरु गोरखनाथ जी के विशिष्ट पूजन के बाद गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित सभी देव विग्रहों, नाथपंथ के सभी योगियों, ब्रह्मलीन महंतजनों के समाधि स्थल पर भी विशेष पूजन का कार्यक्रम होगा। पूजा का समापन सामूहिक आरती से होगा। गुरु पूजन से लेकर आरती तक का अनुष्ठान सुबह 7 बजे तक चलेगा। 

गुरु पूजन के बाद प्रायः 9 बजे से 11:30 बजे तक गोरखनाथ मंदिर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति सभागार में 23 जुलाई से चल रही श्रीराम कथा की पूर्णाहुति होगी। इसके उपरांत इसी सभागार में आशीर्वचन और भजन का कार्यक्रम होगा। इस अवसर पर नाथपंथ के सभी श्रद्धालुओं को मंच से गोरक्षपीठाधीश्वर का आशीर्वाद प्राप्त होगा। गुरु पूर्णिमा के पावन पर्व पर गोरखनाथ मंदिर में दोपहर 12:30 बजे से सहभोज/भंडारा का भी आयोजन किया गया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0