हरियाणा-बिहार के बीच शुरू होंगी सरकारी AC बसें, यात्रियों को मिलेगा किफायती और आरामदायक सफर

Jul 12, 2026 - 05:44
 0  7
हरियाणा-बिहार के बीच शुरू होंगी सरकारी AC बसें, यात्रियों को मिलेगा किफायती और आरामदायक सफर

चंडीगढ़
 हरियाणा सरकार ने प्रदेश के यात्रियों को बेहतर और सुरक्षित सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। हरियाणा और बिहार के बीच अंतरराज्यीय बस सेवाओं के संचालन के लिए शुक्रवार को द्विपक्षीय बस परिचालन समझौते पर हस्ताक्षर किए गए। समझौते पर हरियाणा सरकार की ओर से परिवहन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजा शेखर वुंडरु तथा बिहार सरकार की ओर से राज्य परिवहन आयुक्त आरिफ अहसन ने हस्ताक्षर किए।

इन शहरों से चलेंगी बसें
इस समझौते के तहत दोनों राज्यों के बीच नियमित बस सेवाओं का संचालन किया जाएगा, जिससे यात्रियों को किफायती दरों पर सुरक्षित, आरामदायक एवं गुणवत्तापूर्ण सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी। समझौते के तहत हरियाणा के गुरुग्राम, अंबाला, सोनीपत, पानीपत सहित अन्य निर्धारित शहरों से बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के छह प्रमंडलों पटना, पूर्णिया, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा एवं भागलपुर के लिए आधुनिक वातानुकूलित (एसी) बसों का नियमित परिचालन किया जाएगा।

कम किराये पर एसी बस सुविधा
बसों का संचालन निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार होगा, जिससे यात्रियों को विश्वसनीय एवं समयबद्ध परिवहन सेवा उपलब्ध हो सकेगी। अतिरिक्त मुख्य सचिव राजा सेखर वुंडरु ने कहा कि समझौते से यात्रियों को कम किराये पर गुणवत्तापूर्ण एसी बस सेवा उपलब्ध होगी तथा निजी परिवहन पर उनकी निर्भरता भी कम होगी। सरकार का उद्देश्य यात्रियों की सुविधा है।

लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद
इसके अतिरिक्त, इस समझौते से हरियाणा और बिहार के बीच व्यापार, शिक्षा, रोजगार तथा पारिवारिक कारणों से नियमित यात्रा करने वाले लाखों लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। दोनों राज्यों के परिवहन विभाग बस सेवाओं की समयबद्धता, सुरक्षा और संचालन की गुणवत्ता पर संयुक्त रूप से निगरानी रखेंगे, ताकि यात्रियों को बेहतर अनुभव मिल सके। आधुनिक एसी बसों में आरामदायक सीटें, जीपीएस आधारित ट्रैकिंग, आपातकालीन सुरक्षा सुविधाएं और प्रशिक्षित चालक-परिचालक उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0