पंजाब से खाटू श्याम और हरिद्वार के लिए चलेंगी सरकारी बसें, CM मान ने किया बड़ा ऐलान

Jul 31, 2026 - 07:15
 0  7
पंजाब से खाटू श्याम और हरिद्वार के लिए चलेंगी सरकारी बसें, CM मान ने किया बड़ा ऐलान

मोहाली.

सेक्टर-79 के दशहरा ग्राउंड में "एक शाम भगवान शिव के नाम" भक्ति संध्या के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि राज्य सरकार की धार्मिक यात्रा योजना के तहत श्रद्धालुओं को विभिन्न धार्मिक स्थलों के दर्शन कराए जा रहे हैं।

उन्होंने घोषणा की कि एक अगस्त से मोहाली से खाटू श्याम, सालासर धाम, ऋषिकेश और हरिद्वार के लिए नई बस सेवाएं शुरू की जाएंगी, जिससे आर्थिक या अन्य कारणों से यात्रा न कर पाने वाले श्रद्धालु भी दर्शन कर सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि बुजुर्गों को तीर्थ यात्रा करवाने से बड़ा तीर्थ कोई नहीं है। उन्होंने पंजाब की संस्कृति और भाईचारे की परंपरा की सराहना करते हुए कहा कि पंजाब की धरती पर नफरत के बीज बोने वालों के लिए कोई जगह नहीं है। यहां सभी धर्मों के लोग मिलकर त्योहार और धार्मिक आयोजन मनाते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता से टैक्स के रूप में मिलने वाला पैसा स्कूलों, अस्पतालों, सड़कों और सामाजिक योजनाओं पर खर्च किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि एक अगस्त से 40 लाख महिलाओं के मोबाइलों पर मावां धीया सम्मान योजना के तहत मिलने वाली राशि की प्राप्ति की घंटियां फिर बजेंगी। इस अवसर पर आप के प्रांतीय नेता दीपक बाली व मोहाली के विधायक कुलवंत सिंह भी उपस्थित थे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0