HTET 2026: हरियाणा में 4 और 5 जुलाई को होगी परीक्षा, बोर्ड चेयरमैन ने दिए सख्त निर्देश

Jun 26, 2026 - 12:14
 0  7
HTET 2026: हरियाणा में 4 और 5 जुलाई को होगी परीक्षा, बोर्ड चेयरमैन ने दिए सख्त निर्देश

भिवानी.

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी द्वारा आगामी 4 व 5 जुलाई, 2026 को आयोजित होने वाली हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा के सुव्यवस्थित व नकल विहीन संचालन हेतु बोर्ड मुख्यालय भिवानी पर जिला शिक्षा अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक की। बैठक की अध्यक्षता बोर्ड के चेयरमैन शंकर लाल धूपड़ ने की।

धूपड़ ने बताया कि इस परीक्षा में प्रदेशभर में 2 लाख 33 हजार 294 अभ्यर्थी 383 परीक्षा केंद्रों पर प्रविष्ट होंगे। आगामी 4 जुलाई को सायंकालीन सत्र में लेवल-3 की परीक्षा होगी, जिसमें 73,091 अभ्यर्थी तथा 5 जुलाई को प्रातःकालीन सत्र में लेवल-2 की परीक्षा में 1, 19, 141 अभ्यर्थी एवं सायंकालीन सत्र में लैवल-1 की परीक्षा में 41,062 अभ्यर्थी शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा के अभ्यर्थी वीरवार सायं से बोर्ड की आधिकारिक वैबसाइट के माध्यम से अपने आवंटित परीक्षा-शहर की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

उन्होंने बताया कि परीक्षा हेतु प्रवेश-पत्र बाद में जारी किए जाएंगे। बोर्ड अध्यक्ष ने वीडियो कांफ्रैंस के माध्यम से सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को संबोधित करते हुए एचटेट परीक्षा-2025 के सुसंचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। परीक्षा केंद्रों की निरीक्षण व्यवस्था को चाक-चौबंद किया गया है। नकल व अन्य अनियमितताओं पर सख्ती से रोक लगाने के लिए प्रभावशाली उडनदस्तों की नियुक्ति की जा रही है। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर बोर्ड की ओर से एक-एक अधिकारी/कर्मचारी/प्रतिनिधि तथा जिला प्रशासन की ओर से भी एक-एक प्रशासनिक/राजपत्रित अधिकारी की नियुक्ति की गई है।

जिला शिक्षा अधिकारी 3 से 5 जुलाई तक कंट्रोल रूम स्थापित करेंगे
उन्होंने कहा कि सभी जिला शिक्षा अधिकारी 3 से 5 जुलाई, 2026 तक अपने कार्यालय में एक-एक कंट्रोल रूम स्थापित करेंगे। इस कंट्रोल रूम पर जिला शिक्षा अधिकारी अपने कार्यालय के 1 अधिकारी, 2 सहायक/लिपिक तथा 1 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी को नियुक्त करेंगे। कंट्रोल रूम पर नियुक्त अधिकारी बोर्ड मुख्यालय पर स्थापित कंट्रोल रूम से सीधा संपर्क बनाए रखेंगे।
नेत्रहीन/अशक्त अभ्यर्थियों को 50 मिनट अतिरिक्त समय मिलेगी

बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि नेत्रहीन/अशक्त अभ्यर्थियों को 20 मिनट प्रति घंटा के हिसाब से कुल 50 मिनट अतिरिक्त समय दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि महिला अभ्यर्थियों को मंगलसूत्र पहनने, बिंदी व सिंदूर लगाने की ही छूट होगी। अन्य किसी प्रकार के आभूषण जैसे अंगूठी, चैन, बालियां इत्यादि ले जाने की स्वीकृति नहीं होगी। सिख अभ्यर्थियों को धार्मिक आस्था के चिन्ह की अनुमति होगी। उन्होंने बताया कि सभी उड़नदस्ते / ऑब्जर्वर द्वारा समय-समय पर जैमर, बायोमैट्रिक डाटा कैप्चरिंग, वीडियोग्राफी, सी.सी.टी.वी. कैमरों को चैक करना अति आवश्यक है कि वह भलीभांति कार्य कर रहे हैं।

बिना पहचान-पत्र प्रवेश नहीं
उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्र में बिना पहचान-पत्र किसी भी अधिकारी/कर्मचारी का प्रवेश नहीं होगा। फर्म की ओर से नियुक्त कर्मचारी जैसे कैमरा-मैन, बायोमैट्रिक-मैन, सी.सी.टी.वी. इत्यादि के लिए भी फोटोयुक्त पहचान-पत्र पहनना अनिवार्य है। परीक्षा के दौरान यदि किसी परीक्षा केंद्र पर कोई अप्रिय घटना घटित होती है तो उसकी सूचना भी अविलंब बोर्ड मुख्यालय के नियंत्रण कक्ष पर हैल्पलाइन नं 01664-254302, 254304, 254601, 254604 तथा व्हाट्सअप नबर 8816840349 पर दी जानी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0