मोहाली आवासीय परियोजना मामले में ED दफ्तर पहुंचीं IAS कंवलप्रीत बराड़

Aug 27, 2026 - 14:14
 0  8
मोहाली आवासीय परियोजना मामले में ED दफ्तर पहुंचीं IAS कंवलप्रीत बराड़

जालंधर.

मोहाली की एक बड़ी आवासीय परियोजना से जुड़ी कथित अनियमितताओं की जांच के सिलसिले में आइएएस अधिकारी कंवलप्रीत कौर बराड़ वीरवार को दस दिन में दूसरी बार जालंधर स्थित प्रवर्तन निदेशालय के क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचीं।

वह सुबह करीब 10 बजे कार्यालय पहुंचीं और बिना किसी से बातचीत किए सीधे अंदर चली गईं। प्रवर्तन निदेशालय की जांच में मोहाली की उक्त परियोजना में भूमि उपयोग परिवर्तन यानी सीएलयू की मंजूरी से संबंधित अनियमितताओं की बात सामने आई थी। जिन मंजूरियों को लेकर जांच चल रही है, उस समय कंवलप्रीत कौर बराड़ संबंधित पद पर तैनात थीं। इसी कारण उनसे मामले को लेकर पूछताछ की जा रही है।

18 अगस्त को भी हुई थी पेश
इससे पहले प्रवर्तन निदेशालय ने कंवलप्रीत कौर बराड़ को 18 अगस्त को पूछताछ के लिए बुलाया था। उस दिन उनसे करीब आठ घंटे तक पूछताछ हुई थी। इसके बाद अब दस दिन के भीतर दूसरी बार उन्हें जांच में शामिल होने के लिए बुलाया गया है। अधिकारी के दूसरी बार प्रवर्तन निदेशालय कार्यालय पहुंचने से मामले की जांच को लेकर फिर चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि वीरवार को उनसे किन बिंदुओं पर पूछताछ की जानी है और पूछताछ कितनी देर चलेगी।

कई और अधिकारी भी जांच के दायरे में
इस मामले में उस समय तैनात रहे कुछ अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों को भी जांच के दायरे में रखा गया है। प्रवर्तन निदेशालय की ओर से परियोजना से जुड़ी मंजूरियों और उससे संबंधित दस्तावेजों की जांच की जा रही है। कंवलप्रीत कौर बराड़ के कार्यालय पहुंचने के दौरान उन्होंने मीडिया से कोई बातचीत नहीं की।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0