टीचर गायब तो बच्चे करेंगे कॉल: क्लासरूम में स्पीकर-माइक से होगी निगरानी

Mar 24, 2026 - 14:14
 0  7
टीचर गायब तो बच्चे करेंगे कॉल: क्लासरूम में स्पीकर-माइक से होगी निगरानी

बालाघाट

सांदीपनि स्कूलों के खुलने के बाद अन्य शासकीय स्कूलों के संचालन पर संकट गहराता जा रहा है, इन स्कूलों में दर्ज संख्या भी कम होती जा रही है, जिससे अन्य सरकारी स्कूलों के अस्तित्व पर भी खतरा मंडरा रहा है।

ऐसे में वर्षों पुराने बालाघाट जिला मुख्यालय में संचालित सरकारी संस्था उत्कृष्ट विद्यालय स्वयं को निजी स्कूलों की तर्ज पर संचालित करने के लिए अपडेट कर रही है, और शिक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए उसे बेहतर करने का प्रयास कर रही है।

आडियो ब्राड कास्टिंग सिस्टम से सुधरेगी व्यवस्था

जिसके तहत ही अब उत्कृष्ट विद्यालय में स्कूल लगने के बाद कोई पीरियड मिस नहीं हो सकेंगे और यदि एक पीरियड खत्म होने के बाद अगला पीरियड पढ़ाने के लिए कक्षा में कोई शिक्षक नहीं आता है, तो ऐसे में विद्यार्थी कक्षा से ही सीधे अपने कक्ष में बैठे प्राचार्य से संपर्क कर सकेंगे जिससे उनके लिए शिक्षक की व्यवस्था हो सकेगी।

यह मुमकिन हो पाएगा आडियो ब्राड कास्टिंग सिस्टम की व्यवस्था से। इस व्यवस्था के तहत उत्कृष्ट विद्यालय के सभी कक्षों में सिस्टम के स्पीकर लगाए गए हैं और आवश्यकता पड़ने पर इसे फोन की तरह विद्यार्थी इस्तेमाल कर सकेंगे।

निगरानी और मनोरंजन की दोहरी सुविधा

वहीं प्राचार्य इस व्यवस्था से निगरानी रख सकेंगे। इतना ही नहीं, लंबी पढ़ाई के बाद मानसिक व शारीरिक थकान को दूर करने के लिए अंतिम 15 मिनटों में विद्यार्थियों का इस सिस्टम के माध्यम से मनोरंजन भी किया जा सकेगा। स्कूल स्टाफ व विद्यार्थियों पर नियमित मॉनिटरिंग करने व उनकी किसी भी समस्या के निदान के लिए आडियो ब्राड कास्टिंग सिस्टम को स्कूल परिसर में स्थापित किया गया है।

सीसीटीवी से भी होगी मॉनिटरिंग

मुख्य सिस्टम प्राचार्य कक्ष में रखा गया है, और सभी कक्षाओं व स्टाफ कक्षों में इसके स्पीकर लगाए गए हैं, साथ ही सीसीटीवी फुटेज से इसकी नियमित मॉनिटरिंग भी की जाएगी। विद्यार्थी स्वस्थ महसूस कर सकें इसके लिए 15 मिनट उनके मनोरंजन के लिए म्यूजिक की व्यवस्था भी की गई है। - शरद ज्योतिषी, प्राचार्य, शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय बालाघाट।

 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0