पहलगाम हमले के बाद पहली बार पाकिस्तान जाएंगे भारतीय खिलाड़ी, 2027 साउथ एशियन गेम्स को मंजूरी

Sep 8, 2026 - 11:44
 0  7
पहलगाम हमले के बाद पहली बार पाकिस्तान जाएंगे भारतीय खिलाड़ी, 2027 साउथ एशियन गेम्स को मंजूरी

नई दिल्ली
भारत ने 2027 साउथ एशियन गेम्स में भाग लेने के लिए अपने खिलाड़ियों को पाकिस्तान जाने की सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। दोनों देशों के बीच रिश्ते तल्ख हैं और किसी भी खेल में दोनों देशों के खिलाड़ी कोई द्विपक्षीय सीरीज नहीं खेल रहे हैं। हालांकि, मल्टी नेशनल टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान एक-दूसरे के खिलाफ खेलते हैं। हाल ही में महिला एशिया कप के मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ बड़ी जीत हासिल की थी।

भारत सरकार ने साफ किया है कि पाकिस्तान जब तक आतंकवाद के लिए अपनी जमीन का इस्तेमाल होने देगा, तब तक दोनों देशों के बीच कोई बातचीत नहीं होगी। इसी वजह से भारत के खिलाड़ी भी पाकिस्तान खेलने के लिए नहीं जाते हैं। हालांकि, मल्टी नेशनल टूर्नामेंट में टीम भेजने का फैसला उस खेल से जुड़ी संस्था का होता है। इसमें सरकार कोई हस्तक्षेप नहीं करती है। इसी वजह से भारतीय खिलाड़ी साउथ एशियन गेम्स के लिए पाकिस्तान जा सकते हैं। साउथ एशियन गेम्स अगले साल 4 से 11 अपैल के बीच पाकिस्तान में आयोजित होंगे।

पहलगाम हमले के बाद पहली बार पाकिस्तान जाएंगे भारतीय खिलाड़ी
पहलगाम आतंकी हमले के बाद यह पहली बार होगा, जब कोई भारतीय टीम पाकिस्तान जा सकती है। पाकिस्तान जाने वाले भारतीय दल में किन खिलाड़ियों को शामिल किया जाएगा। इसका खुलासा अगले साल जनवरी में होगा। पाकिस्तान 23 साल बाद साउथ एशियन गेम्स होस्ट कर रहा है। इससे पहले 2004 में पाकिस्तान के इस्लामाबाद शहर ने इन खेलों की मेजबानी की थी।

28 खेलों में भाग लेंगे खिलाड़ी
14वें साउथ एशियन गेम्स का आयोजन 2026 में ही होना था, लेकिन अब इस टूर्नामेंट का आयोजन 2027 में हो रहा है। इसमें 28 खेल शामिल हैं। पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार ने गेम्स की तैयारियों का रिव्यू किया है। उन्होंने अधिकारियों से यह पक्का करने को कहा है कि इंटरनेशनल स्टैंडर्ड की सुविधाएं, सिक्योरिटी, लॉजिस्टिक्स और मेडिकल सपोर्ट मौजूद हों।

तीन शहरों में होंगे मुकाबले
साउथ एशियन गेम्स के मुकाबले पाकिस्तान के तीन शहरों में होंगे। इस्लाबाद में 15, लाहौर में 10 और कराची में तीन खेलों के इंवेट आयोजित होंगे। भारतीय क्रिकेट टीम 2008 के बाद से पाकिस्तान में नहीं खेली है। आईसीसी या एसीसी टूर्नामेंट में भी भारत-पाकिस्तान के मुकाबले न्यूट्रल वेन्यू में कराए जाते हैं। पिछले साल जुलाई में वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लेजेंड्स में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला मुकाबला भारतीय खिलाड़ियों के विरोध के बाद रद्द कर दिया गया था।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0