इंदौर और विकास हैं एक दूसरे के पर्याय : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

Jul 23, 2026 - 12:44
 0  7
इंदौर और विकास हैं एक दूसरे के पर्याय : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

इंदौर और विकास हैं एक दूसरे के पर्याय : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

इंदौर में दी बड़ी सौगात - प्रदेश के पहले डबल लेयर फ्लाईओवर ब्रिज की एक भुजा का किया लोकार्पण
फ्लाईओवर आधुनिक तकनीक और उन्नत इंजीनियरिंग का उत्कृष्ट उदाहरण

इंदौर
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर में बड़ी सौगात देते हुए मध्यप्रदेश के पहले डबल लेयर फ्लाईओवर ब्रिज की एक भुजा का लोकार्पण किया। उन्होंने लवकुश चौराहा पर 175 करोड़ रूपये की लागत से निर्मित इस ब्रिज को आधुनिक तकनीक और उन्नत इंजीनियरिंग का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इंदौर और विकास एक दूसरे के पर्याय है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश एवं प्रदेश चहुँमुखी विकास हो रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सिहंस्थ-2028 को ध्यान में रखते हुए यह फ्लाईओवर इंदौर-उज्जैन मार्ग पर बढ़ते यातायात के सुगम संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगा। इससे यात्रा समय में कमी, ईंधन की बचत, यातायात जाम में राहत तथा नागरिकों को सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यह परियोजना विकसित इंदौर एवं विकसित मध्यप्रदेश के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण अधोसंरचनात्मक उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में शहर की प्रगति और आधुनिक शहरी विकास की नई पहचान बनेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि 175 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह परियोजना आधुनिक अधोसंरचना विकास यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इस परियोजना की सबसे प्रमुख विशेषता इसका त्रिस्तरीय यातायात व्यवस्था होना है। प्रथम स्तर पर लवकुश चौराहे का सामान्य यातायात, द्वितीय स्तर पर वर्तमान फ्लाईओवर एवं मेट्रो रेल कॉरिडोर तथा तृतीय स्तर पर नया डबल लेयर फ्लायओवर है। इससे चौराहे पर यातायात का दबाव कम होगा तथा निर्बाध आवागमन सुनिश्चित होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ब्रिज का अवलोकन कर इसकी सराहना भी की।

ब्रिज का निर्माण इंदौर विकास प्राधिकरण ने किया है। लगभग 1450 मीटर लंबाई के इस फ्लाईओवर के निर्माण में 22 मीटर की ऊँचाई पर 65 मीटर लंबे एवं 24 मीटर चौड़े स्पान पर दो 400-400 टन वजनी स्टील बो-स्ट्रिंग गर्डर स्थापित किए गए हैं। कुल 800 टन स्टील संरचना का उपयोग इस परियोजना को प्रदेश की महत्वपूर्ण इंजीनियरिंग उपलब्धियों में शामिल करता है।

डबल लेयर फ्लाईओवर ब्रिज की एक भुजा के शुरू हो जाने के बाद अरविंदो से बाणगंगा की ओर जाने वाला यातायात प्रारंभ होगा। आगामी दिनों में इस फ्लाईओवर की दूसरी भुजा भी बनकर तैयार हो जायेगी, जिसका निर्माण कार्य अंतिम चरण में है।

कार्यक्रम में इंदौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक रमेश मेंदोला तथा गोलू शुक्ला, सुमित मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े, पुलिस महानिरीक्षक अनुराग, पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह, कलेक्टर शिवम वर्मा, इंदौर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. परीक्षित झाड़े सहित गणमान्य नागरिक मौजूद थे।

 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0