प्रदेश के विकास में सरकार के सहयात्री हैं निवेशकः मुख्यमंत्री

May 22, 2026 - 18:44
 0  8
प्रदेश के विकास में सरकार के सहयात्री हैं निवेशकः मुख्यमंत्री

लखनऊ

 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र के अंतर्गत 17 निवेशकों को शुक्रवार को भूमि आवंटन पत्र प्रदान किए। निवेशकों का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी ने अब टूरिज्म, ट्रेड, इन्वेस्टमेंट के विश्वस्तरीय डेस्टिनेशन के रूप में खुद को स्थापित किया है। आपने उत्तर प्रदेश के ब्रांड अंबेस्डर के रूप में प्रदेश की नई छवि को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत किया है। यूपी में निवेश करने वाले निवेशक प्रदेश के विकास में सरकार के सहयात्री हैं

9 साल पहले यह भारत का सबसे डरावना क्षेत्र था

सीएम योगी ने कहा कि हम लोगों ने जिस जेवर क्षेत्र में भारत का सबसे बड़ा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनाया है और जिस क्षेत्र में आपको अलाटमेंट लेटर वितरित किए गए हैं, आज से 9 वर्ष पहले यह भारत का सबसे डरावना क्षेत्र हुआ करता था। वहां गंभीर आपराधिक घटनाएं होती थीं। शाम पांच-साढ़े पांच बजे के बाद आवागमन बंद हो जाता था। लाइफ सूर्योदय से सूर्यास्त तक ही हुआ करती थी। इंफ्रास्ट्रक्चर भी नहीं था, लेकिन आज जेवर, यीडा क्षेत्र में जो परिवर्तन दिख रहा है, वह नए भारत के नए उत्तर प्रदेश की तस्वीर है, और यही हाल यूपी के हर जनपद का है।

2017 के पहले माफिया को वितरित किए गए थे जनपद

सीएम ने कहा कि 2017 के पहले सत्ता के सामानांतर माफिया का साम्राज्य हुआ करता था। हर जनपद में भय व दहशत का माहौल था। महिलाएं बाजार या रोजगार के लिए बाहर जाती थीं तो परिवार की चिंता होती थी कि वे सूर्यास्त के पहले वापस आ जाएं। व्यापारी 6 बजे के पहले प्रतिष्ठान बंद करने पर मजबूर थे। सड़कें गड्ढों से भरी थीं। कनेक्टिविटी, बिजली की हालत बुरी थी। बमुश्किल 4-5 घंटे बिजली मिल जाए तो लोग खुद को भाग्यशाली मानते थे। हर माफिया को अलग-अलग जनपद वितरित किए गए थे। माफिया व आपराधिक गिरोह के लोग जनपद व थाने का संचालन करते थे। सरकार के पास नीति, नीयत, सुरक्षा व लैंडबैंक भी नहीं था। 

विकास की पहली शर्त है सुरक्षा

सुरक्षा को विकास की पहली शर्त बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके लिए अनुकूल वातावरण बनाना पड़ता है। असुरक्षित वातावरण में कुछ भी नहीं हो सकता। आज यूपी में बिना रोकटोक, बिना लेनदेन, उद्योग-व्यापार अनुकूल नीतियों के लाभ दिखाई दे रहे हैं। अब यूपी का रोड इंफ्रास्ट्रक्चर सबसे बढ़िया है। देश में यदि प्रतिस्पर्धा हो तो यूपी टॉप राज्यों में होगा। एक्सप्रेसवे का 60 प्रतिशत हिस्सा और चार लाख किमी. का रोड इंफ्रास्ट्रक्चर यूपी के पास है। हर जिला मुख्यालय फोर-लेन, तहसील या ब्लाक मुख्यालय फोर-लेन/टू-लेन से जुड़ा है। यूपी की एयरकनेक्टिविटी सबसे अच्छी है। 2017 से पहले यूपी में डेढ़ एक्सप्रेसवे, दो एयरपोर्ट संचालित थे। आज 16 एयरपोर्ट संचालित हैं, उसमें से पांच अंतरराष्ट्रीय हैं। छह एयरपोर्ट पर हम काम कर रहे हैं, एयरक्राफ्ट मिल जाएं तो इन्हें भी बहुत जल्द संचालित करेंगे।

निवेश के स्थान पर सारी सुविधाएं उपलब्ध 

निवेशकों को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि यूपी के पास 16 हजार किमी. का रेल कॉरिडोर है। डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (ईस्टर्न/वेस्टर्न) का जंक्शन भी यूपी में है। जिस क्षेत्र में आपका निवेश हो रहा है, वहां रोड, फ्रेट कॉरिडोर, विश्व स्तरीय एयर कनेक्टिविटी भी है। वह क्षेत्र लाजिस्टिक हब बनने जा रहा है। यूपी के पास पहली रैपिड रेल, पहला इनलैंड वाटरवे (वाराणसी से हल्दिया) संचालित है। पीएम मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में डबल इंजन सरकार ने यूपी में लंबी छलांग लगाई है। सात शहरो में मेट्रो का संचालन हो रहा है। 

यूपी अब माफिया, गुंडा, कर्फ्यू, अराजकता, दंगा मुक्त

सीएम योगी ने कहा कि यूपी अब माफिया, गुंडा, कर्फ्यू, अराजकता, दंगा से मुक्त है। यहां हर व्यक्ति, निवेशक को सुरक्षा की गारंटी है। हम निवेशक को केवल निवेशक नहीं मानते, बल्कि वह इन्वेस्टर पार्टनर के रूप में यूपी सरकार के साथ विकास में सहभागी बनकर कार्य करता है। यूपी में निवेश करने वाला निवेशक प्रदेश के विकास में सरकार का सहयात्री है। वह यूपी के नौजवानों को रोजगार देता है, उन्हें स्किलफुल बनाता है। सरकार हर निवेशक का यूपी में स्वागत करती है।

सीएम ने बताई यूपी की विकास गाथा

सीएम योगी ने कहा कि यूपी के पास 34 सेक्टोरल पॉलिसी हैं। एफडीआई की डेडिकेटेड पॉलिसी, फॉर्चून 500 की पॉलिसी है। 25 हजार हेक्टेयर का बड़ा लैंडबैंक यीडा के पास विकसित करने जा रहे हैं। बीडा नए इंडस्ट्रियल सिटी के रूप में विकसित हो रहा है। इसमें कानपुर व झांसी के बीच 56 हजार एकड़ लैंड उपलब्ध होगी।

यूपी बना देश की इकॉनमी का ब्रेकथ्रू

सीएम ने बताया कि गत वर्ष 156 करोड़ पर्यटक यूपी में आए। यूपी कभी बीमारू नहीं था। राजनीतिक नेतृत्व की मानसिकता ने इसे बीमार बनाया था। यूपी अनलिमिटेड पोटेंशियल वाला राज्य था। गुंडों के पीछे दुम दबाकर चलने की प्रवृत्ति और माफिया के सामने नतमस्तक होने वाले राजनीतिक नेतृत्व ने यूपी को बीमारू बनाया था, जब स्वस्थ मानसिकता के साथ डबल इंजन सरकार आई तो यूपी आज देश का इकॉनमी का ब्रेकथ्रू बन चुका है। आज अलग-अलग सेक्टर में बड़े पैमाने पर यूपी में निवेश हो रहा है।

15 जून से जेवर एयरपोर्ट से शुरू होगी घरेलू उड़ान

सीएम योगी ने कहा कि फरवरी में प्रधानमंत्री जी ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन किया। इसमें कार्गो व एमआरओ की भी सुविधा होगी। 15 जून से घरेलू उड़ान शुरू होगी। इसके बाद अंतरराष्ट्रीय सेवाएं प्रारंभ होंगी। सीएम ने एयरपोर्ट को समय-सीमा के अंदर शुरू करने में सकारात्मक योगदान देने के लिए यमुना अथॉरिटी के सीईओ व उनकी टीम को धन्यवाद दिया। 

जहां आपको भूमि आवंटित हो रही, वह सोने के भाव की है

सीएम ने निवेशकों से कहा कि आपको जहां भूमि आवंटन किया जा रहा, वह भूमि सोने के भाव की है। यह केवल यूपी-भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया में निवेश की सबसे उर्वर भूमि है। जो वहां जाएगा, वही संभावनाओं को समझ पाएगा। आज से 9 वर्ष पहले जब गोरखपुर में निवेश के लिए कहा जाता तो निवेशक हंसकर टाल देते थे, लेकिन पांच वर्ष में हुए निवेश से गोरखपुर में 50 हजार युवाओं को रोजगार मिला है। यही हाल यूपी के हर क्षेत्र का है। देवरिया में पेपर मिल चल रही है।

महिलाओं को रोजगार देने का अवसर

सीएम ने कहा कि निवेशक भयमुक्त वातावरण में कार्य कर रहे हैं। कोई गुंडा टैक्स नहीं है। आप एनसीआर के बाहर भी निवेश करेंगे तो लोकल स्तर पर अच्छी स्किल मैनपावर मिलेगी। स्थानीय स्तर पर रोजगार प्राप्त होगा तो टाउनशिप की समस्या का समाधान भी होगा। अच्छी संख्या में महिलाओं को रोजगार देने का अवसर मिलेगा। वह समय गया, जब लोग कहते थे कि शाम छह बजे के पहले बेटी घर लौट आए। एक बार महिलाओं ने स्वयं आकर मुझसे कहा कि अब हम भी नाइट शिफ्ट में काम कर सकते हैं। जिस उत्तर प्रदेश में 10-12 फीसदी वीमेन वर्कफोर्स थी, आज वहां 36-37 फीसदी वीमेन वर्कफोर्स कार्य कर रही है। 

15 हजार रोजगार होंगे सृजित

सीएम योगी ने कहा कि इन निवेशों से प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से 15 हजार रोजगार सृजित होंगे। रिन्यूअल एनर्जी, बैटरी मैन्युफैक्चरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इलेक्ट्रिकल डिवाइस मैन्युफैक्चरिंग, आईटी एंड डेटा प्रोसेसिंग, अपैरल एवं एमएसएमई एडवांस इंडस्ट्रियल कंपोनेंट्स जैसे क्षेत्रों में यह निवेश नई गति प्रदान करेगा। जब सरकार सुविधा व प्लेटफॉर्म देती है तो गति प्रगति का आधार बनती है। यूपी वह गति देने को तैयार है। एसईएएल सोलर द्वारा 8000 करोड़ रुपये निवेश से सोलर मैन्युफेक्चरिंग इकाई तथा एस्कॉर्ट्स कोबोटो द्वारा 4500 करोड़ निवेश से ट्रैक्टर एवं निर्माण उपकरण मैन्युफेक्चरिंग प्लांट स्थापित किए जा रहे हैं, जिनसे 4000 रोजगार सृजित होंगे।

यीडा के लिए विजनरी प्लानिंग और फास्टट्रैक इंप्लीमेंटेशन अभियान 

सीएम ने कहा कि यीडा के लिए विजनरी प्लानिंग और फास्टट्रैक इंप्लीमेंटेशन अभियान प्रारंभ किया गया है। गत दिनों यीडा में पीएम ने उत्तर भारत की सबसे बड़ी सेमीकंडक्टर चिप बनाने वाली यूनिट की आधारशिला रखी थी। यहां इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग कलस्टर के निर्माण को भी तेजी से बढ़ाने जा रहे हैं। यहां अपैरल पार्क, मेडिकल डिवाइस पार्क, एमएसएमई पार्क, हैंडीक्रॉफ्ट पार्क, डेटा सेंटर पार्क, ट्वाय पार्क आदि का भी तेजी से विकास किया जा रहा है।

एनसीआर के बाहर भी निवेश का आग्रह 

सीएम ने कहा कि सरकार निवेशकों के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश के विकास को बढ़ाना चाहती है। आप ससमय निवेश करें, सरकार के इनसेंटिव का लाभ भी लें और एनसीआर के बाहर भी विस्तृत यूपी को देखें। बलिया, कुशीनगर, महराजगंज, श्रावस्ती, बलरामपुर, चंदौली, सोनभद्र, चित्रकूट, बांदा, हमीरपुर, महोबा, ललितपुर आदि जनपदों में भी सकारात्मक अनुभव मिलेगा। निवेशक एक बार वहां जाएंगे तो लगेगा कि यहां 8-9 वर्ष पहले आ जाना चाहिए था।  

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी व राज्यमंत्री जसवंत सिंह सैनी के अलावा निवेशक उद्यमी भी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0