झज्जर में बनेगा पहला 9 मेगावाट सोलर पावर प्लांट, 25 करोड़ की परियोजना को मिली रफ्तार
झज्जर
ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में झज्जर जिला एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करने जा रहा है। पहले से ही जिले में दो बड़े तापीय पावर प्लांट संचालित हो रहे हैं, और अब हरित ऊर्जा की दिशा में भी जिले ने मजबूत कदम बढ़ा दिया है। जिले में पहली बार 9 मेगावाट क्षमता का पहला सोलर पावर प्लांट स्थापित किया जा रहा है। करीब 25 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह प्लांट बहु गांव के निकट लगभग 27 एकड़ भूमि पर विकसित किया जा रहा है।
प्लांट से उत्पादित बिजली हरियाणा ग्रिड के माध्यम से उत्तर क्षेत्र के मेरठ स्थित लोड कंट्रोल सिस्टम तक पहुंचेगी, जहां से ओपन एक्सेस व्यवस्था के तहत सोनीपत स्थित अवतार स्टील प्राइवेट लिमिटेड को आपूर्ति की जाएगी।
पावर हाउस तक बिछाई जाएगी पांच किलोमीटर लंबी लाइन
इस परियोजना के लिए सोलर प्लांट से बहु गांव स्थित 132 केवी पावर हाउस तक करीब पांच किलोमीटर लंबी बिजली लाइन बिछाई जाएगी। इसके बाद बिजली हरियाणा ग्रिड में शामिल होकर निर्धारित उपभोक्ता तक पहुंचेगी। पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता घटाने और औद्योगिक क्षेत्र के लिए स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध कराने की दिशा में यह परियोजना बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
पीएम सूर्यघर योजना से आम जन भी हो रहे आत्मनिर्भर
केवल बड़े सोलर प्लांट ही नहीं, बल्कि आम नागरिक भी अब सौर ऊर्जा को अपनाने में उत्साह दिखा रहे हैं। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं के माध्यम से लोगों को छतों पर रूफटाप सोलर सिस्टम लगाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। बिजली निगम की ओर से दी जा रही सब्सिडी और सरल प्रक्रिया के कारण जिले में घरेलू सोलर सिस्टम लगाने वालों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है।
बता दे कि जिले में बिजली निगम के माध्यम से अब तक लगभग आठ मेगावाट क्षमता के रूफटाप सोलर सिस्टम स्थापित किए जा चुके हैं, जिनमें अधिकांश दो किलोवाट क्षमता के घरेलू सिस्टम हैं। अब तक करीब 4,200 उपभोक्ताओं को सोलर कनेक्शन दिए जा चुके हैं। विभाग का लक्ष्य जिले में 8,532 सोलर सिस्टम स्थापित करने का है, जिसे जल्द पूरा करने की दिशा में कार्य चल रहा है।
सोलर ऊर्जा अपनाने से बिजली बिल में कमी आने के साथ-साथ कार्बन उत्सर्जन भी घटता है। इससे पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलता है और ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता भी बढ़ती है। झज्जर में बनने वाला 9 मेगावाट का यह सोलर पावर प्लांट न केवल जिले की पहचान को नई दिशा देगा, बल्कि नवीकरणीय ऊर्जा के विस्तार को भी मजबूती प्रदान करेगा। -प्रदीप कुमार, कार्यकारी अभियंता, उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0