KKR की IPL 2026 में चौथी हार, CSK ने 32 रन से किया मात

Apr 15, 2026 - 04:44
 0  7
KKR की IPL 2026 में चौथी हार, CSK ने 32 रन से किया मात

चेन्नई

कोलकाता नाइट राइडर्स यानी केकेआर को आईपीएल 2026 में अभी भी पहली जीत का इंतजार है। केकेआर ने इस सीजन पांच मैच खेल लिए हैं, जिनमें से चार मैचों में हार उनको मिली है और एक मैच बारिश में धुल गया था। एक पॉइंट ही केकेआर के खाते में हैं। मंगलवार 14 अप्रैल को सीएसके के खिलाफ उनको करारी हार मिली। इस हार के पीछे की वजह केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने बताई है। उनका कहना है कि एक बल्लेबाज की जरूरत थी, जो मैच को आखिर तक ले जाए। इसके अलावा उन्होंने टीम कॉम्बिनेशन को भी हार का जिम्मेदार ठहराया है।

KKR के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन सेरेमनी में कहा, "बिल्कुल। मुझे लगा कि बॉल से हमने सच में अच्छा किया। इस विकेट पर 190 का स्कोर सच में अच्छा था, खासकर पावरप्ले में जो उन्होंने बनाया, 70 के आस-पास रन। उसके बाद, 190 तक रोकना हमारी बॉलिंग यूनिट का कमाल का काम था। मुझे लगा कि शुरू में हमारी बैटिंग में, हमने पावरप्ले में सिर्फ 36 या 37 रन बनाए। मुझे लगा कि यह सच में जरूरी था। बीच का फेज, स्पिनरों को हिट करना थोड़ा मुश्किल था, लेकिन इसके अलावा, विकेट सच में अच्छा था। हमें एक बैटर की जरूरत थी जो डीप तक बैटिंग करे और फिर आखिर में मैच ले जाए।".

 आखिर किंग खान की इस टीम की चमक अचानक कैसे फीकी पड़ गई? यहां वो 5 बड़ी वजहें दी गई हैं जिन्होंने KKR के विजय रथ को पटरी से उतार दिया है. 

1. प्रेरणादायक कप्तान का अभाव और रहाणे का गिरता फॉर्म

अजिंक्य रहाणे की कप्तानी इस बार सवालों के घेरे में है. टीम में वो जोश और ऊर्जा नहीं दिख रही है जिसके लिए KKR जानी जाती थी. बल्ले से भी रहाणे सामान्य रहे हैं. उन्होंने 5 पारियों में केवल 152 रन बनाए हैं, जिसमें मुंबई इंडियंस के खिलाफ एक अर्धशतक के अलावा कोई बड़ी पारी नहीं दिखी. रहाणे रणनीतिक फैसलों और टीम को एकजुट करने में अब तक विफल रहे हैं। 

2. वरुण चक्रवर्ती: विश्व कप के 'मैच विनर' से आईपीएल के 'फ्लॉप शो' तक 
वरुण चक्रवर्ती की नाकामी टीम के लिए सबसे बड़ा झटका है. टी20 विश्व कप 2026 में 14 विकेट चटकाने वाला यह 'मिस्ट्री स्पिनर' आईपीएल में बिल्कुल बेअसर दिख रहा है. इस IPL सीजन वरुण ने 3 मैचों में 9 ओवर की गेंदबाजी जिसमे 105 रन लुटाए और विकेटों का खाता अब तक नहीं खुला है. पावरप्ले में उनसे गेंदबाजी कराने के फैसले की भी काफी आलोचना हो रही है। 

3. कैमरून ग्रीन: नाम बड़े और दर्शन छोटे 
कैमरन ग्रीन को 2026 के IPL ऑक्शन में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने ₹25.20 करोड़ में खरीदा था जिससे वो IPL के इतिहास में सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी बने. KKR ने ग्रीन पर बड़ा दांव जरूर खेला था, लेकिन वह अब तक पूरी तरह फ्लॉप रहे हैं. ग्रीन ने 5 पारियों (18, 2, 4, 32, 0) में कुल मिलाकर महज 56 रन बनाए हैं. गेंदबाजी में भी 2 मौके पर वह अब तक सिर्फ एक सफलता (LSG के खिलाफ) ही हासिल कर पाए हैं। 

4. टॉप ऑर्डर की लगातार नाकामी 
टीम की ओपनिंग जोड़ी (फिन एलन और रहाणे) और नंबर 3 पर ग्रीन की विफलता के कारण टीम को ठोस शुरुआत नहीं मिल पा रही है. शुरुआती झटकों के चलते मध्यक्रम पर दबाव बढ़ जाता है, जिससे पूरी टीम ताश के पत्तों की तरह ढह रही है। 

5. रणनीतिक चूक और रोल क्लैरिटी की कमी 
मैदान पर खिलाड़ियों को अपनी भूमिका को लेकर स्पष्टता नहीं दिख रही है. रहाणे के रणनीतिक फैसलों, जैसे कि फॉर्म से बाहर चल रहे वरुण को पावरप्ले में गेंदबाजी देना, टीम के लिए उल्टा साबित हो रहा है. टीम का आत्मविश्वास इतना गिर चुका है कि वो जीते हुए मैच भी करीबी अंतर से हार रहे हैं। 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0