गोरक्षा की आड़ में लूट, 50 लाख रंगदारी; युवा जिलाध्यक्ष गिरफ्तार

Jul 24, 2026 - 08:44
 0  9
गोरक्षा की आड़ में लूट, 50 लाख रंगदारी; युवा जिलाध्यक्ष गिरफ्तार

लखनऊ
यूपी में गोरक्षा के नाम पर लूट और वसूली का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। मुजफ्फरनगर में हाईवे पर स्क्रैब से भरी पिकअप को कार सवार बदमाशों ने ओवरटेक कर रोक लिया और पिकअप लूटकर सुनसान स्थान पर ले गए। चालक-परिचालक को बदमाशों ने आतंकित कर उनके फोन से पिकअप मालिक से 50 लाख की रंगदारी की मांगी। पिकअप मालिक को दिल्ली से मुजफ्फरनगर बुलाकर नौ लाख रुपये वसूल लिए। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया है। मुख्य आरोपी सहित छह से अधिक लोग फरार हैं। गिरफ्तार आरोपी से लूटी गई पिकअप, हजारों की नगदी भी बरामद की गई है। गिरफ्तार आरोपी हिंदू गोरक्षा दल का युवा जिलाध्यक्ष हेमंत शर्मा है।

थानाध्यक्ष मोहित कुमार ने बताया कि 21 जुलाई की सुबह हाईवे पर बढेडी कट के पास छह से अधिक कार व बाइक सवार बदमाशों ने देहरादून से स्क्रैब भरकर ला रही पिकअप को ओवरटेक कर रोक लिया। पिकअप चालक लारेब और परिचालक अनीश अहमद को तमंचे से जान से मारने की धमकी देकर उतार लिया और उनके फोन छीन लिए। माल से भरी पिकअप को सुनसान जगह पर खड़ा कर दिया।

50 लाख रंगदारी मांगी, 12 लाख पर समझौता
आरोपियों ने परिचालक के फोन से पिकअप मालिक दिल्ली के न्यू सीलमपुर निवासी जफर को व्हाट्सएप कॉल कर माल से भरी पिकअप तथा चालक-परिचालक को छोड़ने के बदले 50 लाख रुपये रंगदारी मांगी। बाद में आरोपी 12 लाख रुपये में मान गए। दो बदमाशों ने गाड़ी मालिक को हाईवे स्थित ढाबे पर बुलाकर नौ लाख रुपये की रंगदारी वसूल ली। इसके बाद चालक-परिचालक के साथ मारपीट कर छोड़ दिया। पीडित ने थाना छपार में 22 जुलाई को रंगदारी व लूट का मुकदमा दर्ज कराया था तभी से पुलिस टीम, आरोपियो की तलाश में लगी थी।

हेमंत शर्मा के पास से लूटी पिकअप और रुपए बरामद
गुरुवार को पुलिस ने चेकिंग के दौरान छपार हाईवे स्थित टीचर्स कॉलोनी से एक आरोपी को गिरफ्तार किया। उसकी पहचान हेमंत शर्मा निवासी गांव मेदपुर थाना छपार के रूप में हुई है। हेमंत हिंदू गोरक्षा दल का युवा जिलाध्यक्ष है। उसके पास से पुलिस ने लूटी गई पिकअप, 10 कुंतल तार और 50 हजार रुपये की नगदी बरामद की है। थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी हेमंत ने सुमित निवासी धौलाना हापुड़, सुशील, युद्धि व चार अज्ञात के साथ मिलकर प्लानिंग के तहत घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है।

उसने बताया कि दो दिन पहले सुमित ने हेमंत को फोन कर छपार टोल प्लाजा पर बुलाया था और उसके बाद घटना को अंजाम दिया। गुरुवार को वह सुनसान स्थान पर खड़ी पिकअप को लेने आया था तभी पुलिस ने दबोच लिया। आरोपी इससे पूर्व भी रंगदारी की कई घटना कर चुके हैं। पुलिस ने आरोपी का चालान कर न्यायालय में पेश किया जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0