मुख्यमंत्री युवा सम्मेलन में दिखेगा मध्यप्रदेश का नवाचार और प्रौद्योगिकी सामर्थ्य

Oct 5, 2026 - 17:14
 0  7
मुख्यमंत्री युवा सम्मेलन में दिखेगा मध्यप्रदेश का नवाचार और प्रौद्योगिकी सामर्थ्य

भोपाल 

मुख्यमंत्री युवा सम्मेलन 6 अक्टूबर को लाल परेड ग्राउंड, भोपाल में आयोजित होगा। सम्मेलन में प्रदेश के युवाओं को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में हो रहे नवाचार, आधुनिक तकनीकों, कौशल विकास, इंटर्नशिप और उद्यमिता के अवसरों से परिचित कराया जाएगा। मध्यप्रदेश शासन के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की ओर से मध्यप्रदेश स्टेट इलेक्ट्रॉनिक्स डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (एमपीएसईडीसी) द्वारा सम्मेलन में छह स्टॉल लगाए जाएंगे। इन स्टॉल्स में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ड्रोन, रोबोटिक्स और प्रौद्योगिकी उद्यमिता सहित विभिन्न उभरते तकनीकी क्षेत्रों में प्रदेश में हो रहे कार्यों तथा उपलब्ध अवसरों को प्रदर्शित किया जाएगा।

विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की सहभागिता में एक स्टॉल एमपीएसईडीसी का होगा, जबकि पांच स्टॉल अकादमिक संस्थानों, उद्योग एवं डेवलपर समुदाय से जुड़ी संस्थाओं द्वारा लगाए जाएंगे। स्टॉल्स पर तकनीकी गतिविधियों के लाइव प्रदर्शन के साथ युवाओं के लिए उपलब्ध इंटर्नशिप, कौशल विकास और स्टार्टअप सहायता से संबंधित जानकारी भी दी जाएगी।

एमपीएसईडीसी के स्टॉल पर आईटी, आईटीईएस एवं इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र में राज्य के निवेश प्रोत्साहन ढांचे तथा विद्यार्थियों और स्नातकों के लिए संचालित इंटर्नशिप कार्यक्रम की जानकारी दी जाएगी। आईआईटी इंदौर दृष्टि सीपीएस फाउंडेशन द्वारा अनुसंधान को प्रयोगशाला से बाजार तक पहुंचाने तथा प्रौद्योगिकी हस्तांतरण एवं उद्यमिता के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों को प्रदर्शित किया जाएगा।

इज़ी वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड के स्टॉल पर ड्रोन प्रौद्योगिकी एवं नवाचार के माध्यम से शासन, कृषि और उद्योग के क्षेत्र में मानव रहित हवाई प्रणालियों के उपयोग की जानकारी दी जाएगी। द ओरिजिन गिल्ड द्वारा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में मध्यभारत में विकसित हो रहे समुदाय आधारित नेटवर्क और एआई विकास से संबंधित गतिविधियों को प्रदर्शित किया जाएगा।

गूगल डेवलपर ग्रुप (जीडीजी), भोपाल द्वारा डेवलपर्स के कौशल उन्नयन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़े उपकरणों की जानकारी दी जाएगी। वहीं यंगोवेटर के स्टॉल पर रोबोटिक्स, ऑटोमेटेड गाइडेड व्हीकल्स (एजीवी), ह्यूमनॉइड रोबोटिक्स और ऑटोमेशन समाधानों का प्रदर्शन किया जाएगा।

मुख्यमंत्री युवा सम्मेलन में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की यह सहभागिता प्रदेश के युवाओं को तकनीकी क्षेत्र की संस्थाओं, उद्योगों और नवाचार से जुड़े समुदायों से जोड़ने का अवसर प्रदान करेगी। इससे युवा अपने तकनीकी कौशल को रोजगार, करियर और उद्यमिता के अवसरों से जोड़ सकेंगे। प्रदेश की प्रौद्योगिकी अर्थव्यवस्था में युवाओं को प्रमुख सहभागी बनाने की दिशा में यह सहभागिता महत्वपूर्ण होगी।

 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0