PU में फीस बढ़ोतरी पर छात्रों का बड़ा प्रदर्शन, सभी गेट बंद कर VC कार्यालय के बाहर धरना

Aug 24, 2026 - 13:14
 0  8
PU में फीस बढ़ोतरी पर छात्रों का बड़ा प्रदर्शन, सभी गेट बंद कर VC कार्यालय के बाहर धरना

पटियाला.

पटियाला में पंजाबी यूनिवर्सिटी (PU) में फीस बढ़ोतरी के खिलाफ विद्यार्थियों का विरोध प्रदर्शन सोमवार को और तेज हो गया। स्टूडेंट्स जत्थेबंदी यूनाइटेड सिख स्टूडेंट फेडरेशन से जुड़े विद्यार्थियों ने सुबह विश्वविद्यालय के सभी मुख्य गेट बंद कर दिए।

इस दौरान किसी कर्मचारी या विद्यार्थी को परिसर के अंदर प्रवेश नहीं करने दिया गया। गेट बंद होने के कारण बड़ी संख्या में कर्मचारी विश्वविद्यालय के बाहर से ही वापस लौट गए। विद्यार्थी संगठनों के नेताओं ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से फीस बढ़ाकर विद्यार्थियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला जा रहा है। उनका कहना है कि पहले ही आर्थिक दबाव झेल रहे विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा हासिल करना मुश्किल होता जा रहा है। फीस बढ़ोतरी वापस लेने सहित अन्य मांगों को लेकर विद्यार्थी लंबे समय से प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं।

वीसी कार्यालय के बाहर पक्का मोर्चा
विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय के कुलपति कार्यालय के सामने पक्का मोर्चा लगाया हुआ है। प्रदर्शनकारी नेताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक फीस बढ़ोतरी वापस लेने समेत उनकी अन्य मांगों पर ठोस फैसला नहीं होता, तब तक संघर्ष जारी रहेगा। गौरतलब है कि पिछले कई दिनों से विद्यार्थी कुलपति कार्यालय के सामने धरना दे रहे हैं। उनका कहना है कि फीस में बढ़ोतरी का सीधा असर विद्यार्थियों और उनके परिवारों पर पड़ेगा। ऐसे में विश्वविद्यालय प्रशासन को फीस बढ़ाने के फैसले पर दोबारा विचार करना चाहिए।

कामकाज हुआ प्रभावित
सोमवार को सभी मुख्य गेट बंद किए जाने से विश्वविद्यालय का सामान्य कामकाज भी प्रभावित हुआ। कर्मचारियों और विद्यार्थियों को परिसर में प्रवेश नहीं मिलने से कई गतिविधियां प्रभावित रहीं। हालांकि प्रदर्शनकारी विद्यार्थियों ने कहा कि उनका आंदोलन शांतिपूर्ण है और मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा। विद्यार्थी संगठनों ने प्रशासन से बातचीत कर जल्द समाधान निकालने की मांग की है। वहीं, आंदोलन के चलते विश्वविद्यालय परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0