बिहार में बनेगा NSD का नया कैंपस, कलाकारों को मिलेंगे प्रशिक्षण के बेहतर अवसर

Sep 1, 2026 - 13:44
 0  8
बिहार में बनेगा NSD का नया कैंपस, कलाकारों को मिलेंगे प्रशिक्षण के बेहतर अवसर

पटना 
बिहार में राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय यानी NSD का नया कैंपस बनेगा। एनएसडी के नए कैंपस की स्थापना को केंद्र सरकार की सहमति मिलने पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने मंगलवार को कहा है कि यह निर्णय बिहार की समृद्ध नाट्य एवं प्रदर्शन कला परंपरा को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान और नई संभावनाएं प्रदान करेगा। बिहार की सांस्कृतिक विरासत अत्यंत समृद्ध रही है।

सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि यह कालिदास, रामवृक्ष बेनीपुरी और भिखारी ठाकुर जैसी महान विभूतियों की भूमि है। राज्य की लोक नाट्य एवं प्रदर्शन कलाओं की अपनी विशिष्ट और गौरवशाली परंपरा रही है। उन्होंने कहा कि बिहार में एनएसडी कैंपस की स्थापना से राज्य के युवा कलाकारों को पेशेवर नाट्य प्रशिक्षण, स्टेजक्राफ्ट, प्रदर्शन कला और उन्नत शोध के लिए बेहतर संस्थागत अवसर मिलेंगे।

सीएम ने बिहार में फिल्म सिटी का किया था ऐलान
बता दें कि अभी कुछ ही दिनों पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ऐलान किया था कि बिहार में फिल्म सिटी बनाई जाएगी। सीएम 'भोजपुरी बवाल' कार्यक्रम के ग्रैंड फिनाले का उद्घाटन करने पहुंचे थे। सीएम ने इस मौके पर भोजपुरी जगत के कलाकारों से आग्रह किया था कि वो सभी मिलकर फिल्म सिटी के लिए उपयुक्त जगह का चयन करें। सीएम ने कहा था कि बिहार के बच्चों में अभिनेता, निर्देशक, लेखक, संगीतकार और फिल्म निर्माण से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने की प्रतिभा है।

सीएम ने कहा था कि फिल्म जगत से जुड़े लोगों का बिहार में स्वागत है औऱ सरकार फिल्म निर्माण से जुड़े कलाकारों और निर्माताओं को हरसंभव मदद भी देगी। बता दें कि सरकार ने बिहार में करीब 54 फिल्मों की शूटिंग के लिए अनुमति प्रदान की है।

सुनील शेट्टी ने सीएम से की थी मुलाकात
बता दें कि मशहूर अभिनेता सुनील शेट्टी ने भी कुछ दिनों पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की थी। इस मुलाकात के बाद सुनील शेट्टी ने कहा था कि वो जल्द ही बिहार में फिल्म निर्माण करेंगे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0