बिहार में 'पुलिस दीदी' का एक्शन, 7 माह में 790 मनचलों पर कार्रवाई

Aug 30, 2026 - 11:14
 0  8
बिहार में 'पुलिस दीदी' का एक्शन, 7 माह में 790 मनचलों पर कार्रवाई

पटना
महिलाओं और लड़कियों की सुरक्षा के लिए बनाई गई अभया ब्रिगेड (पुलिस दीदी) ने पिछले सात माह में 790 मनचलों के विरुद्ध कार्रवाई की है।

इनमें सबसे अधिक 284 मनचलों के विरुद्ध पटना में निरोधात्मक कार्रवाई की गई। इसके बाद मधेपुरा में 137, गया में 87, सुपौल में 70 और बक्सर में 64 मनचलों पर कार्रवाई की गई है। इस लिहाज से मधेपुरा दूसरे, गया तीसरे, सुपौल चौथे और बक्सर पांचवें स्थान पर है।

दरअसल, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के गृहमंत्री बनने के कुछ दिनों बाद ही महिलाओं और लड़कियों की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों की विशेष टीम अभया ब्रिगेड गठित करने का निर्देश दिया गया था।

अभया ब्र‍िगेड बनी पुल‍िस दीदी
थानास्तर पर इस ब्रिगेड की निगरानी की व्यवस्था की गई थी। अब अभया ब्रिगेड को 'पुलिस दीदी' के रूप में विकसित करते हुए टीमों को स्कूटी भी उपलब्ध कराई गई है।

जनवरी में गठित अभया ब्रिगेड की राज्य के सभी 40 पुलिस जिलों में जुलाई तक कुल 1,024 टीमें कार्यरत थीं। इनमें सबसे अधिक 84 टीमें पटना में थीं।

इसके अलावा गया में 55, मोतिहारी में 53, मुजफ्फरपुर और रोहतास में 42-42 तथा भागलपुर में 41 टीमें गठित की गई थीं।

पुलिस दीदी की टीमों ने जिन 790 मनचलों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई की, उनमें करीब 21 मामलों में प्राथमिकी भी दर्ज की गई है।

इनमें पटना में चार, नालंदा में तीन, जहानाबाद, बेगूसराय, बगहा और बेतिया में दो-दो तथा भोजपुर, बक्सर, रोहतास, नवादा, मुजफ्फरपुर और मधेपुरा में एक-एक प्राथमिकी दर्ज की गई है।

भागलपुर समेत 22 जिलों में शून्य कार्रवाई
राज्य के कई ऐसे जिले भी हैं, जहां पिछले सात माह में मनचलों के विरुद्ध एक भी निरोधात्मक कार्रवाई नहीं की गई। इनमें भागलपुर, औरंगाबाद, अरवल, सारण, सिवान, गोपालगंज, मोतिहारी, वैशाली, सीतामढ़ी, शिवहर, दरभंगा, समस्तीपुर, मधुबनी, पूर्णिया, अररिया, किशनगंज, बांका, मुंगेर, शेखपुरा, लखीसराय, जमुई और खगड़िया शामिल हैं।

जागरूकता के 15 हजार से अधिक आयोजन
पुलिस दीदी की टीमों ने महिला सुरक्षा और किशोर अपराध को लेकर स्कूल-कॉलेजों एवं अन्य शिक्षण संस्थानों में जागरूकता अभियान भी चलाया।

पिछले सात-आठ महीनों में राज्यभर में 15 हजार से अधिक जागरूकता एवं सुरक्षा जांच कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें पटना, भभुआ और औरंगाबाद में सबसे अधिक कार्यक्रम हुए।

सर्वाधिक मनचलों पर कार्रवाई वाले जिले
जिला     कार्रवाई
पटना     284
मधेपुरा     137
गया     87
सुपौल     70
बक्सर     64
नालंदा     58
नवादा     18
भोजपुर     16
मुजफ्फरपुर     15
बेगूसराय     10
बगहा     10

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0