पुजारी से मारपीट पर गरमाई सियासत, ओपी राजभर ने अखिलेश को घेरा- '25-30 सीटें भी नहीं बचेंगी'

Jul 23, 2026 - 09:44
 0  9
पुजारी से मारपीट पर गरमाई सियासत, ओपी राजभर ने अखिलेश को घेरा- '25-30 सीटें भी नहीं बचेंगी'

लखनऊ
 उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने गाजीपुर में मंदिर के पुजारी और उनके चार वर्षीय बेटे के साथ हुई मारपीट की घटना को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। सोशल मीडिया पर किए गए एक पोस्ट में राजभर ने अखिलेश यादव पर दोहरा चरित्र अपनाने का आरोप लगाया और कहा कि एक तरफ वे ब्राह्मण सम्मान और ब्राह्मण सम्मेलन की बात करते हैं, जबकि दूसरी तरफ उनकी बिरादरी के लोग ब्राह्मणों पर हमले कर रहे हैं।

राजभर ने अपने पोस्ट की शुरुआत करते हुए लिखा, 'वाह अखिलेश यादव जी वाह! गजब का दोहरा चरित्र है आपका। एक तरफ ब्राह्मण सम्मान और ब्राह्मण सम्मेलन का ढोंग करते हैं तो दूसरी तरफ ब्राह्मणों के साथ 'PDA यानी पीट देगा अहीर' करवाते हैं।'

उन्होंने आगे लिखा कि गाजीपुर में बाबा गंगेश्वरनाथ मंदिर के पुजारी और उनके चार साल के मासूम बेटे के साथ हुई मारपीट ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। राजभर ने आरोप लगाया कि पुजारी के साथ बुरी तरह मारपीट की गई और उनके चार वर्षीय बेटे को भी नहीं बख्शा गया। उन्होंने लिखा कि बच्चे पर फावड़े से हमला कर उसका सिर फोड़ दिया गया।

अखिलेश यादव को दी ये नसीहत

राजभर ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए लिखा कि वे अपने कार्यकर्ताओं को समझाएं। उन्होंने कहा, 'समझाइए अपने गुंडों को। ये सलाह इसलिए दे रहा हूं ताकि चुनाव में हमें ठीक-ठाक विपक्ष मिल जाए। अगर ऐसे ही आपके लोग गुंडागर्दी करते रहे तो यकीन मानिए, जो 25-30 सीट जीतने की आप उम्मीद पाले हैं, वो भी आपको नहीं मिलेगी।'

क्या है पूरा मामला?

गाजीपुर जिले के करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र में स्थित बाबा गंगेश्वरनाथ मंदिर के पुजारी मोनू गिरी की ओर से दर्ज कराई गई एफआईआर के अनुसार, 21 जुलाई की सुबह मंदिर परिसर में पूजा-पाठ के दौरान उन्होंने गांव के ही कुछ यादव जाति के लोगों से मंदिर परिसर को गंदा न करने के लिए कहा। आरोप है कि इसी बात को लेकर उनके साथ मारपीट की गई और उनके 4 साल के बच्चे पर भी जानलेवा हमला किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0