पटाखा साइलेंसर पर पंजाब में सख्ती: मोगा में ट्रैफिक पुलिस ने काटे 50 चालान
मोगा.
पंजाब के मोगा में ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने वालों, खासकर बुलेट मोटरसाइकिल के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए व्यापक अभियान चलाया है। वीरवार को सुबह विभिन्न इलाकों में नाकाबंदी कर दोपहिया वाहन चालकों की जांच की गई और नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान काटे गए।
ट्रैफिक पुलिस प्रभारी सब इंस्पेक्टर सुखमंदर सिंह की अगुआई में चलाए गए इस अभियान के दौरान वाहन चालकों के दस्तावेजों की गहन जांच की गई। इस दौरान जिन चालकों के पास पूरे कागजात नहीं थे या जो अन्य नियमों की अनदेखी कर रहे थे, उनके खिलाफ मौके पर ही कार्रवाई की गई। ट्रैफिक प्रभारी ने बताया कि जिला पुलिस प्रभारी अजय गांधी और उप पुलिस आयुक्त ट्रैफिक गुरप्रीत सिंह के निर्देशों के तहत यह अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस प्रशासन जहां एक ओर असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने में जुटा है, वहीं ट्रैफिक पुलिस भी सड़कों पर व्यवस्था बनाए रखने के लिए सक्रिय है।
कल से जारी अभियान में 50 चालान काटे
उन्होंने बताया कि बुधवार को पूरे दिन चले अभियान के दौरान करीब 30 वाहन चालकों के चालान किए गए थे। इसके बाद वीरवार को सुबह से ही शहर के अलग-अलग हिस्सों में नाकाबंदी कर जांच की गई, जिसमें 20 और वाहन चालकों के चालान काटे गए। इस तरह दो दिनों में कुल 50 चालान किए गए हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आगे भी इस तरह के अभियान जारी रहेंगे, ताकि शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाया जा सके और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
पटाखे की आवाज सुनी तो कटेगा चालान
अभियान के दौरान विशेष रूप से उन बुलेट मोटरसाइकिलों पर कार्रवाई की गई, जिनके साइलेंसर से तेज पटाखे जैसी आवाज निकल रही थी। इसके अलावा बिना नंबर प्लेट, अधूरे दस्तावेज और अन्य खामियों वाले वाहनों को भी नहीं बख्शा गया। ट्रैफिक प्रभारी सुखमंदर सिंह ने वाहन चालकों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि सभी लोग अपने वाहनों के जरूरी दस्तावेज पूरे रखें और ट्रैफिक नियमों का पालन करें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी बुलेट मोटरसाइकिल के साइलेंसर से पटाखे की आवाज पाई जाती है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0