पंजाब- AAP ऑब्जर्वर मीटिंग में MLA भी होंगे शामिल, बैठक की लोकेशन बदली, ग्रुप फोटो भी होगी; सांसदों के पार्टी छोड़ने से टूट का खतरा

Apr 29, 2026 - 07:44
 0  7
पंजाब- AAP ऑब्जर्वर मीटिंग में MLA भी होंगे शामिल, बैठक की लोकेशन बदली, ग्रुप फोटो भी होगी; सांसदों के पार्टी छोड़ने से टूट का खतरा

जालंधर
पंजाब के 6 राज्यसभा सांसदों के पार्टी छोड़ने के बाद AAP में विधायकों की टूट बचाने के लिए प्रदेश प्रभारी मनीष सिसोदिया जालंधर में मीटिंग बुलाई है। यह मीटिंग 1000 ब्लॉक ऑब्जर्वरों के साथ बताई जा रही है लेकिन इसमें विधायक भी पहुंच रहे हैं।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक 12 बजे शुरू होने वाली इस मीटिंग में नरेश कटारिया, जीवनजोत कौर, इंद्रजीत निज्जर समेत 25 MLA पहुंच चुके हैं। ऑब्जर्वर भी मीटिंग में पहुंच रहे हैं। इस दौरान विधायकों और ऑब्जर्वरों के साथ कैंपस के ग्राउंड में ग्रुप फोटो भी कराई जाएगी।

मीटिंग में पहुंचे MLAs ने क्या कहा…

नकोदर विधायक बोलीं- इलेक्शन की तैयारियों को लेकर मीटिंग
नकोदर से आम आदमी पार्टी की विधायक इंद्रजीत कौर मान ने कहा कि ये मीटिंग 4 महीने पहले से चल रहे प्रोसैस का हिस्सा है। पंजाब में इलेक्शन इयर है और हम उसी को लेकर तैयारियां कर रहे हैं। आब्जर्वर ने हर गली मोहल्ले में जाकर रिपोर्ट तैयार की हैं। उनको रिपोर्ट को आज पेश किया जाएगा। मीटिंग में सभी विधायक, मंत्री पहुंच रहे हैं। विरोधियों के पास कहने को कुछ नहीं है। वो कोई न कोई आरोप लगा रहे हैं। ये पहली मीटिंग नहीं है। अभी कुछ दिन पहले भी मीटिंग की गई थीं। विरोधियों को तकलीफ है कि पंजाब क्यों तरक्की कर रहा है, लोग क्यों खुश हैं।

सोनिया मान बोलीं- AAP छोड़ने वाले सांसदों ने एथिक्स से कंप्रोमाइज किया
सोनिया मान ने कहा कि हमारी ऐसी मीटिंग होती रहती हैं। अभी तो अंदर जाकर ही पता चलेगा कि इस मीटिंग में क्या है। जो मेंबर गए हैं वो बीजेपी के साथ सेटिंग में थे। उनको ऐश ओ आराम की जिंदगी चाहिए थी। ये लोग अपने एथिक्स के साथ कंप्रोमाइज कर चले गए। जब जेल में जाने की बात आती है तो लोग पाला बदल जाते हैं। इंडिया में बहुत सीए हैं लेकिन राघव चड्ढा को अरविंद केजरीवाल ने लीडर बनाया। विधायकों की टूट पर सोनिया मान ने कहा कि अभी ऐसा कुछ नहीं हैं, विरोधी को कुछ कहेंगे।

सिसोदिया ने ये दावा किया था
इससे पहले कल (28 अप्रैल) को सोशल मीडिया (X) पोस्ट में सिसोदिया ने दावा किया था कि यह मीटिंग सिर्फ ऑब्जर्वरों के साथ है। इसमें विधायकों की इमरजेंसी मीटिंग जैसी कोई बात नहीं है।

पंजाब में AAP में टूट की चर्चा क्यों?

    राघव चड्‌ढा की 60+ विधायकों से करीबी का दावा: राज्यसभा सांसद राघव चड्‌ढा ने आम आदमी पार्टी छोड़ भाजपा जॉइन कर ली। इस दौरान चड्‌ढा के करीबियों के जरिए दावा किया गया कि पंजाब के मौजूदा 94 AAP विधायकों में से 60+ विधायक राघव चड्‌ढा के संपर्क में हैं। इससे पंजाब में AAP की सरकार को संकट हो सकता है। हालांकि चड्‌ढा ने इसको लेकर खुलकर कुछ नहीं कहा है।

    संदीप पाठक के पास सबका बायोडेटा: राज्यसभा सांसद डॉ. संदीप पाठक ने भी भाजपा जॉइन की। वह पंजाब में AAP की स्ट्रेटजी बनाने का काम करते थे। उनके करीबियों का दावा है कि पाठक के पास पंजाब के हर AAP विधायक का बायोडेटा है। इसमें सिर्फ उनका प्रोफाइल ही नहीं बल्कि उनके हर तरह के कामों की जानकारी पाठक को है। यह भी चर्चा है कि AAP की तरफ से जो विधानसभा क्षेत्रवाइज टीम लगाई गई है, उनकी नियुक्ति भी संदीप पाठक ने ही की है। ऐसे में पाठक AAP को झटका दे सकते हैं।

पार्टी नेतृत्व इस बैठक को क्षति नियंत्रण (damage control) और विधायकों में एकजुटता मजबूत करने के रूप में देख रहा है. सूत्रों के अनुसार, बैठक में ग्राउंड लेवल फीडबैक लिया जाएगा और कार्यकर्ताओं-विधायकों का मनोबल बढ़ाने की कोशिश की जाएगी। 

सांसदों के इस्तीफे के घटनाक्रम के बाद यह आम आदमी पार्टी की पहली बैठक है. इसे पंजाब में रखने का सबसे बड़ा कारण यह भी है कि राघव के साथ आप छोड़ने वाले राज्यसभा सांसदों में 6 सांसद पंजाब से थे. ऐसे में पार्टी पंजाब में अपनी सरकार बचाने और आंतरिक अस्थिरता पर काबू पाने के लिए सक्रिय कदम उठा रही है। 

बैठक के नतीजे आने वाले दिनों में पंजाब की राजनीति पर असर डाल सकते हैं. वहीं संभावना जताई जा रही है कि आप में पड़ रही फूट को ठीक करने और पार्टी अस्तित्व को बचाने के लिए एक बार फिर आप का उच्च नेतृत्व सभी राज्यों में आप कार्यकर्ताओं के साथ ऐसी ही बैठकें कर सकता है। 

क्या वाकई विधायक AAP छोड़ सकते हैं?

    सिटिंग MLA को टिकट कटने का डर: पॉलिटिकल एक्सपर्ट डॉ. कृपाल सिंह औलख के अनुसार, आम आदमी पार्टी के कई विधायकों के इस समय विवाद चल रहे हैं या फिर वो पार्टी हाईकमान से नाराज हैं। राज्य में कई विधायक ऐसे हैं, जो एंटी इंकमबेंसी की वजह से पार्टी से किनारा कर सकते हैं। वहीं दूसरी तरफ आम आदमी पार्टी हलकों में अपने लेवल पर सर्वे करवा रही है। विधायाकों को डर है कि उनके टिकट न कट जाएं।

    अमृतसर से कुंवर विजय प्रताप कर चुके बगावत: अमृतसर से AAP विधायक व पूर्व आईजी कुंवर विजय प्रताप लंबे समय से पार्टी से नाराज चल रहे हैं। बरगाड़ी कांड को लेकर वो लगातार सरकार को घेरते रहे हैं। यही नहीं उन्होंने अरविंद केजरीवाल के खिलाफ भी खुलकर मोर्चा खोला है। इसके बावजूद पार्टी ने उन्हें निकाला नहीं है।

    अनमोल गगन मान ने भी पार्टी छोड़ दी थी: खरड़ से विधायक व पूर्व मंत्री गगन अनमोल मान ने भी पिछले साल राजनीति से सन्यास लेने का ऐलान किया था। वो भी मंत्री पद से हटाए जाने के कारण पार्टी से नाराज चल रही थी। हालांकि बाद में पार्टी के पंजाब प्रधान अमन अरोड़ा के मनाने पर वह फिर से एक्टिव हो गईं।

    9 मंत्रियों की हो चुकी कैबिनेट से छुट्‌टी, वह नाराज: पॉलिटिकल एक्सपर्ट डॉ. औलख के अनुसार आम आदमी पार्टी की सरकार से 9 मंत्रियों की छुट्‌टी हो चुकी है। कैबिनेट से छुट्‌टी होने से कहीं न कहीं उनके मन में भी टीस है। जिनकी मंत्रिमंडल से छुट्‌टी हुई है उनमें- अनमोल गगन मान, चेतन सिंह जौड़ामजरा, कुलदीप सिंह धालीवाल, ब्रह्म शंकर जिम्पा, बलकार सिंह, इंद्रबीर सिंह निज्जर, फौजा सिंह सरारी, विजय सिंगला के अलावा लालजीत भुल्लर के नाम शामिल हैं। लालजीत भुल्लर डीएम रंधावा सुसाइड केस में जेल में हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0