CG में भारी बारिश से स्कूल बंद, DEO ने जारी किया आदेश

Sep 25, 2026 - 08:14
 0  7
CG में भारी बारिश से स्कूल बंद, DEO ने जारी किया आदेश

बालोद.

बालोद. छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में पिछले दो दिनों से हो रही भारी बारिश को देखते हुए छात्र हित में बड़ा फैसला लिया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय की ओर से 25 सितंबर को जिले में संचालित सभी शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।

जारी आदेश के मुताबिक, लगातार हो रही बारिश के कारण विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आज 25 सितंबर को स्कूल बंद रहेंगे। यह आदेश जिले के सभी संबंधित स्कूलों पर तत्काल प्रभाव से लागू होगा।

28 सितंबर को होगी परीक्षा
आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि 25 सितंबर को आयोजित होने वाली सभी परीक्षाएं अब 28 सितंबर को होंगी। परीक्षाएं पूर्व निर्धारित समय के अनुसार ही संचालित की जाएंगी।

जीपीएम के कई इलाकों में बारिश
गुरुवार शाम से गौरेला, पेंड्रा, मरवाही सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में रुक-रुककर बारिश होती रही. शुक्रवार सुबह भी घने बादल छाए रहे और कई इलाकों में बारिश का दौर जारी रहा. बारिश के कारण सड़कों पर आवाजाही प्रभावित हुई, वहीं सुबह अपने कामकाज के लिए घरों से निकलने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा. कई स्थानों पर लोग बारिश थमने का इंतजार करते नजर आए.

धमतरी में बारिश से स्कूल बंद
इधर धमतरी में भी लगातार बारिश जारी है, जिसे देखते हुए जिला प्रशासन ने आज सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित की है. कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देश पर जिले में संचालित सभी शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त स्कूलों में आज किसी भी तरह की शैक्षणिक गतिविधियां नहीं होंगी. लगातार बारिश के चलते कई इलाकों में जलभराव और आवागमन की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से ये फैसला लिया है.

मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
मौसम विज्ञान विभाग ने छत्तीसगढ़ में बारिश और गरज-चमक को लेकर चेतावनी जारी की है. आईएमडी के 24 सितंबर को जारी पूर्वानुमान के अनुसार 25 सितंबर को छत्तीसगढ़ में अत्यधिक भारी बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी है. 26 और 27 सितंबर को भी गरज-चमक और आकाशीय बिजली की गतिविधियां जारी रहने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में सक्रिय मौसम प्रणाली के प्रभाव से आने वाले दिनों में भी बारिश का दौर बना रह सकता है. ऐसे में लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और गरज-चमक के समय खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है.

मौसम केंद्र के अनुसार दक्षिण छत्तीसगढ़ से जुड़े मौसम तंत्र का प्रभाव प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बारिश के रूप में दिखाई दे रहा है. बारिश से जहां आम जनजीवन प्रभावित हुआ है, वहीं किसानों के लिए यह बारिश राहत लेकर आई है. खेतों में नमी बढ़ने से कृषि कार्यों को भी फायदा मिलने की उम्मीद है.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0