PMCH में बुजुर्गों-दिव्यांगों के लिए अलग OPD काउंटर शुरू, जांच और दवा में भी मिलेगी प्राथमिकता

Aug 18, 2026 - 14:44
 0  7
PMCH में बुजुर्गों-दिव्यांगों के लिए अलग OPD काउंटर शुरू, जांच और दवा में भी मिलेगी प्राथमिकता

पटना
पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीएमसीएच) में बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए ओपीडी रजिस्ट्रेशन का अलग काउंटर सोमवार से शुरू हो गया है। पहले दिन लगभग छह सौ बुजुर्ग मरीजों और करीब 50 दिव्यांग मरीजों को इसका लाभ मिला। ओपीडी में दिखाने के लिए पहला काउंटर बुजुर्गों और दिव्यांग मरीजों के लिए आरक्षित कर दिया गया है।

इस काउंटर पर सोमवार को अन्य मरीजों की पर्ची नहीं काटी गई। इसके साथ ही ओपीडी में भी बुजुर्ग मरीजों को प्राथमिकता देते हुए पहले चिकित्सकों से दिखाने की व्यवस्था की गई। दवा वितरण में भी बुजुर्ग को प्राथमिकता दी गई। इसको लेकर पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल के अधीक्षक डॉ. राजीव कुमार सिंह ने पहले ही सभी विभागों को जानकारी दे दी थी।

इसका असर ओपीडी पर्ची कटने से लेकर अन्य सभी व्यवस्थाओं में दिखा। बुजुर्ग मरीजों को लंबी कतार में नहीं लगना पड़ा। डॉ. राजीव कुमार सिंह ने बताया कि बुजुर्ग मरीजों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए पर्ची कटने वाले काउंटर पर ही विशेष व्यवस्था है। ओपीडी में तैनात डॉक्टर भी इस बात का ख्याल रखेंगे कि बुजुर्ग और लाचार मरीजों को इंतजार नहीं करना पड़े। इसके साथ ही दिव्यांग मरीजों के प्रति भी पीएमसीएच संवेदनशील है। ऐसे लोगों को दिक्कत नहीं हो, इसका पूरा ख्याल रखा जाएगा। नई व्यवस्था में आम जनों का सहयोग अपेक्षित है।

अल्ट्रासाउंड, रक्त जांच, एमआरआई में भी प्राथमिकता
अल्ट्रासाउंड, रक्त जांच, एमआरआई, एक्सरे, सीटी स्कैन आदि जांचों में भी बुजुर्गों और दिव्यांग मरीजों को प्राथमिकता दी जाएगी। इस संबंध में अधीक्षक डॉ. राजीव कुमार सिंह ने सोमवार को आदेश जारी किया। उन्होंने बताया कि पर्ची कटने से लेकर दवा वितरण तक बुजुर्गों और दिव्यांग मरीजों को प्राथमिकता देने की व्यवस्था सोमवार से शुरू कर दी गई है। अब रेडियोलॉजी में होने वाली सभी जांचों में भी उन्हें प्राथमिकता मिलेगी। इससे बुजुर्गों और दिव्यांग मरीजों का काम समय पर पूरा हो सकेगा और उन्हें लंबे समय तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा।

दो दिन बाद खुला ओपीडी, अस्पतालों में भारी भीड़
दो दिनों की छुट्टी के बाद सोमवार को अस्पतालों में मरीजों की भीड़ दिखी। सुबह से ही पर्ची काउंटर, ओपीडी और डॉक्टरों के कक्ष के बाहर मरीजों की कतार लगी रही। पीएमसीएच में तीन हजार, आईजीआईएमएस में चार हजार, एलएनजेपी में 11 सौ तो न्यू गार्डिनर रोड अस्पताल में नौ सौ से अधिक मरीज इलाज कराने पहुंचे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0