फिरोजपुर शहरी सीट पर भुल्लर परिवार में घमासान, AAP विधायक के भाई कुलदीप सिंह की चुनावी एंट्री

Sep 22, 2026 - 14:14
 0  8
फिरोजपुर शहरी सीट पर भुल्लर परिवार में घमासान, AAP विधायक के भाई कुलदीप सिंह की चुनावी एंट्री

फिरोजपुर.

आम आदमी पार्टी के फिरोजपुर शहरी विधानसभा क्षेत्र से विधायक रणवीर सिंह भुल्लर के भाई कुलदीप सिंह भुल्लर ने भी आगामी विधानसभा चुनाव में उतरने की इच्छा जाहिर करते हुए पार्टी की टिकट पर दावेदारी पेश कर दी है।

कुलदीप भुल्लर ने मंगलवार सुबह अपने इंटरनेट मीडिया खाते पर समर्थकों की इच्छा सार्वजनिक करते हुए कहा कि वह स्वयं चुनाव लड़ने के इच्छुक नहीं थे, लेकिन बड़ी संख्या में लोगों के आग्रह के बाद उन्होंने चुनाव मैदान में उतरने का फैसला किया है। कुलदीप सिंह भुल्लर के मुताबिक पिछले दिनों करीब 30 से 40 गांवों के लोग उनके पास पहुंचे और उनसे विधानसभा चुनाव लड़ने का आग्रह किया। समर्थकों ने उनसे कहा कि आम आदमी पार्टी को उनसे बेहतर उम्मीदवार नहीं मिल सकता।

भुल्लर ने पिछले 3 दिन में जुटाए 13 लाख रुपये
उन्होंने बताया कि जब उन्होंने समर्थकों से कहा कि चुनाव लड़ने के लिए उनके पास धन नहीं है, क्योंकि वह अपना काफी कुछ दान कर चुके हैं, तो समर्थकों ने स्वयं चुनाव का खर्च उठाने की बात कही। भुल्लर ने कहा कि समर्थकों ने पिछले तीन दिनों में ही आपस में करीब 13 लाख रुपये एकत्र कर लिए हैं। उनका प्रयास है कि पार्टी की ओर से उन्हें ही टिकट मिले। कुछ दिन पहले डेढ़ करोड़ रुपये के बॉन्ड पिंगलवाड़ा अमृतसर को दान देने की घोषणा के बाद कुलदीप भुल्लर चर्चा में आए थे।

पत्रकारिता से जुड़े भुल्लर अब चला रहे योग कक्षा
तीन दशक तक पत्रकारिता से जुड़े रहे कुलदीप भुल्लर पिछले छह वर्षों से अपने गांव में योग की कक्षाएं भी चला रहे हैं। उनके अनुसार करीब तीन दर्जन लोग नियमित रूप से उनसे योग सीख रहे हैं और विभिन्न बीमारियों में योग के माध्यम से लाभ लेने का प्रयास कर रहे हैं। यह पूछे जाने पर कि जब उनके भाई रणवीर सिंह भुल्लर पहले से ही आम आदमी पार्टी के विधायक हैं तो वह स्वयं टिकट की दावेदारी क्यों कर रहे हैं, कुलदीप भुल्लर ने कहा कि यह उनका नहीं, बल्कि उनके समर्थकों का फैसला है। समर्थकों ने जो जिम्मेदारी उन्हें दी है, वह उसी के अनुसार आगे बढ़ रहे हैं।

15 लोगों ने जताई आप पार्टी से टिकट की इच्छा
गौरतलब है कि 2022 के विधानसभा चुनाव में रणवीर सिंह भुल्लर फिरोजपुर शहरी सीट से विजयी हुए थे। उनकी पत्नी डा. अमनदीप कौर गोसल भी आगामी चुनाव में टिकट की इच्छा जता चुकी हैं। वहीं, फिरोजपुर शहरी क्षेत्र में अब तक करीब 15 लोग आम आदमी पार्टी की टिकट के लिए अपनी दावेदारी या इच्छा सार्वजनिक कर चुके हैं। ऐसे में टिकट को लेकर पार्टी के भीतर दावेदारों की संख्या लगातार बढ़ती दिखाई दे रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0