अमृतसर में 5 किलो हेरोइन के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार, सीमा पार से जुड़े हैं तार

Mar 23, 2026 - 12:44
 0  7
अमृतसर में 5 किलो हेरोइन के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार, सीमा पार से जुड़े हैं तार

अमृतसर 
 पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस को अमृतसर में नशे के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल मिली है। काउंटर इंटेलिजेंस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 5 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई है। यह जानकारी पंजाब पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव की ओर से सोशल मीडिया एक्स पर दी गई है। पंजाब डीजीपी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पता चला है कि सीमा पार खेप की तस्करी में पाकिस्तान स्थित एक तस्कर और विदेश में स्थित एक हैंडलर का हाथ था। अमृतसर स्थित पुलिस स्टेशन स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी) में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए आगे की जांच जारी है। 

इस मामले में और भी गिरफ्तारियां होने की संभावना है। डीजीपी ने कहा कि पंजाब पुलिस नशीले पदार्थों के नेटवर्क को नष्ट करने और नशीले पदार्थों से मुक्त, सुरक्षित पंजाब सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके पहले 22 मार्च को पंजाब पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के साथ मिलकर एक बड़े संयुक्त ऑपरेशन में पाकिस्तान से जुड़े सीमा पार ड्रग तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया था। तीन आरोपियों को 24.5 किलोग्राम हेरोइन, 21 लाख रुपए की ड्रग मनी, एक मल्टी-कॉप्टर ड्रोन और दो कारों के साथ गिरफ्तार किया था।

पंजाब पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया था कि गहन तकनीकी जांच और खुफिया जानकारी के आधार पर यह ऑपरेशन अंजाम दिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमृतसर जिले के नूरवाल गांव निवासी जगजीत सिंह उर्फ राणा, औलख खुर्द गांव के मनप्रीत सिंह उर्फ प्रीत और धूपसरी गांव के रोशन सिंह के रूप में हुई थी।

एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स के पुलिस अधीक्षक (एसपी) गुरप्रीत सिंह ने बताया था कि ऑपरेशन दो चरणों में पूरा हुआ। पहले चरण में 12.1 किलोग्राम हेरोइन के साथ एक मल्टी-कॉप्टर ड्रोन बरामद किया गया, जिसका इस्तेमाल पाकिस्तान से खेप भेजने के लिए किया जाता था। इसके बाद मनप्रीत सिंह के घर से 12.4 किलोग्राम हेरोइन जब्त की गई।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0