5 ओवर, 5 विकेट और 0 रन... इस गेंदबाज ने रचा विश्व रिकॉर्ड, पाकिस्तानी बल्लेबाजों की उड़ाईं धज्जियां

Jul 28, 2026 - 07:14
 0  6
5 ओवर, 5 विकेट और 0 रन... इस गेंदबाज ने रचा विश्व रिकॉर्ड, पाकिस्तानी बल्लेबाजों की उड़ाईं धज्जियां

तारूबा
वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर जस्टिन ग्रीव्स ने टेस्ट क्रिकेट में ऐसा कारनामा कर दिखाया, जो इससे पहले कोई गेंदबाज नहीं कर पाया था. उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ पहले टेस्ट में लगातार 5 विकेट मेडन ओवर डालकर इतिहास रच दिया. उपलब्ध रिकॉर्ड के अनुसार, टेस्ट क्रिकेट में यह पहली बार है जब किसी गेंदबाज ने लगातार पांच मेडन ओवरों में पांच विकेट झटके हैं। 

त्रिनिदाद में खेले जा रहे आईसीसी विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप के पहले टेस्ट के तीसरे दिन ग्रीव्स ने लंच से पहले और बाद में घातक स्पेल फेंकते हुए पाकिस्तान की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी. यह उनके टेस्ट करियर का पहला पांच विकेट हॉल भी रहा। 

इससे पहले यह रिकॉर्ड इंग्लैंड के तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड के नाम था, जिन्होंने जनवरी 2016 में जोहानिसबर्ग टेस्ट में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ लगातार 4 विकेट मेडन ओवर फेंके थे. ग्रीव्स ने अब उस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। 

मैच के बाद ग्रीव्स ने कहा, 'जब मैं गेंदबाजी के लिए आया तो कप्तान रोस्टन चेज ने सिर्फ इतना कहा कि अनुशासन बनाए रखो और अच्छी लाइन-लेंथ पर गेंदबाजी करते रहो. गेंद सीम कर रही थी और मुझे उसका फायदा मिला। 

उन्होंने आगे कहा, 'टीम हमेशा मुझसे मुश्किल परिस्थितियों में जिम्मेदारी निभाने की उम्मीद करती है. टेस्ट क्रिकेट में पहली बार पांच विकेट लेना बेहद खास है, लेकिन मैच अभी बाकी है और हमें अभी काफी काम करना है। 

एक समय पाकिस्तान की स्थिति मजबूत दिख रही थी. टीम 244/3 के स्कोर पर थी और कप्तान शान मसूद शतक पूरा कर चुके थे. लेकिन ग्रीव्स ने मसूद का विकेट लेकर पाकिस्तान की पारी को बिखेर दिया। 

इसके बाद उन्होंने बिना कोई रन दिए लगातार ओवरों में आमेर जमाल, अली उस्मान और मोहम्मद रिजवान को भी आउट किया. लंच तक पाकिस्तान का स्कोर 267/8 हो चुका था। 

लंच के बाद अपने पहले ही ओवर में ग्रीव्स ने मोहम्मद अब्बास को विकेटकीपर के हाथों कैच कराया और लगातार पांच विकेट मेडन ओवर पूरे कर इतिहास रच दिया. पाकिस्तान की पूरी टीम 282 रन पर सिमट गई, जबकि वेस्टइंडीज ने पहली पारी में 311 रन बनाए थे। 

हालांकि दिन का खेल समाप्त होने तक पाकिस्तान ने भी वापसी की. उसने वेस्टइंडीज को दूसरी पारी में 126/7 पर रोक दिया. मेजबान टीम की कुल बढ़त 155 रन की हो गई है. स्टंप्स तक शमार जोसेफ (22)* और केमार रोच (5)* क्रीज पर मौजूद थे। 

सीरीज का कार्यक्रम

पहला टेस्ट: 25-29 जुलाई, तारूबा
दूसरा टेस्ट: 2-6 अगस्त, पोर्ट ऑफ स्पेन

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0